महाराष्ट्र: RSS मुख्यालय, CMO समेत कई दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटीं पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां

महाराष्ट्र में RSS मुख्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और मुंबई-पुणे के मेयर कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया है। जिसके बाद इमारतें खाली कराई गईं और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच अभियान चलाया।
Maharashtra News

महाराष्ट्र में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब RSS मुख्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और मुंबई-पुणे के मेयर कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में अलर्ट मोड पर आ गई और जांच में जुट गईं। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई है।

खबर है कि ईमेल खालिस्तान नेशनल आर्मी बताने वाले ग्रुप की ओर से भेजे गए थे। इसके बाद कई इमारतें खाली कराई गईं और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच अभियान चलाया। हालांकि अभी तक कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। फिर भी सुरक्षा एजेंसिया जांच में जुटी हैं।

पहले PMC कार्यालय को उड़ाने की मिली धमकी

सबसे पहले पुणे महानगरपालिका (PMC) कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद एहतियातन पूरी इमारत को खाली करा लिया गया और पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मुख्यालय को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल भेजे गए।

ईमेल में ‘खालिस्तान’, ‘ऑपरेशन ब्लूस्टार’ और ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ जैसे शब्दों का उल्लेख किया गया था। साथ ही RSS और भाजपा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गई थीं। धमकी भरे संदेश में ‘बदला, बदला, बदला’ जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हुए लोगों को अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चेतावनी दी गई थी। इन ईमेलों के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

नागपुर मेयर को मिला धमकी भरा ईमेल

जानकारी अनुसार, नागपुर की मेयर नीता ठाकरे को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था जिसमें दावा किया गया था कि महाल स्थित आरएसएस मुख्यालय और रेशीमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति भवन में विस्फोटक लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं तथा बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) को तत्काल मौके पर भेजा गया।

सुरक्षा टीमों ने दोनों परिसरों और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने इसे फिलहाल फर्जी धमकी माना है, लेकिन एहतियात के तौर पर संबंधित स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मामले की जांच जारी है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews