महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई नगर निगम यानि बीएमसी समेत 29 नगर निगमों के लिए मतदान जारी है। इस बीच, विपक्ष द्वारा धांधली के आरोप लगाए जा रहे हैं। बता दें कि विपक्षी दलों जैसे कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी), मनसे और आप ने आरोप लगाया कि कुछ बूथों पर मार्कर पेन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे निशान आसानी से मिट जाता है और दोबारा वोटिंग की संभावना बढ़ जाती है। इस दौरान मनसे नेता राज ठाकरे का भी बड़ा बयान सामने आया है।
मनसे नेता राज ठाकरे ने मीडिया से बातचीत करते हुए मतदान में इस्तेमाल की जा रही स्याही पर सवाल उठाए हैं। राज ठाकरे ने राज्य चुनाव आयुक्त पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो स्याही पहले इस्तेमाल की जा रही थी, उसे नए पेन से बदल दिया गया है और इस पेन को लेकर कई शिकायतें मिली हैं। राज ठाकरे ने मतदान के बाद कहा कि स्याही सैनिटाइजर से मिट जाती है, जिससे लोग बाहर आकर पोंछते हैं और फिर वोट डालने चले जाते हैं।
स्याही विवाद पर राज्य चुनाव आयुक्त का जवाब
बीएमसी मतदान के बीच स्याही विवाद पर राज्य चुनाव आयुक्त का जवाब भी सामने आया है। चुनाव आयुक्त दिनेश टी. वाघमारे ने कहा, हमारे ध्यान में आया है कि वोटर्स की उंगलियों पर लगाई जा रही इंक (वोट डालने के बाद लगाई जाने वाली) को लेकर कुछ कन्फ्यूजन पैदा किया जा रहा है। मैं कहना चाहता हूं कि वोटर्स की उंगलियों पर मार्क करने के लिए इस्तेमाल की जा रही इनडेलिबल इंक है। यह वही इंक है जिसका इस्तेमाल चुनाव आयोग अलग-अलग इलेक्शन में करता है। यहां सिर्फ इतना फर्क दिख रहा है कि इसका इस्तेमाल मार्कर के तौर पर किया जा रहा है।
चुनाव आयुक्त ने आगे कहा कि मैं यह भी कहना चाहता हूं कि यह मार्कर वाली इंक 2011 से इस्तेमाल हो रही है। इसलिए, जो लोग इस इनडेलिबल इंक पर शक कर रहे हैं या कन्फ्यूजन पैदा कर रहे हैं, उनका कोई मतलब नहीं है। यह इंक लगने के 12-15 सेकंड के अंदर सूख जाती है।
उन्होंने बताया कि यह पक्का करने के लिए और भी चेक और बैलेंस होते हैं कि कैंडिडेट्स के रिप्रेजेंटेटिव हर वोटर को पहचानें, और उसके बाद ही उन्हें वोटिंग के लिए आगे बढ़ने दिया जाए और प्रेसाइडिंग ऑफिसर यह भी पक्का करते हैं कि कोई भी बिना सही वेरिफिकेशन या ऑथराइजेशन के वोट डालने न आए।
#WATCH | Maharashtra: On civic body elections, State Election Commissioner Dinesh T. Waghmare says, “This has come to our notice that there is some confusion being created about the ink (applied after the vote is cast), which is being put on the voters’ fingers. I want to say… pic.twitter.com/YLi5e7Yqmq
— ANI (@ANI) January 15, 2026





