
महाराष्ट्र में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने बाइक टैक्सी सेवा को लेकर बड़ा फैसला लिया है. महाराष्ट्र स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एसटीए) ने न्यूनतम किराया तय कर दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, अब बाइक टैक्सी का न्यूनतम किराया 1.5 किलोमीटर के लिए 15 रुपये होगा. इसके अलावा यात्रियों को इस सेवा का उपयोग करने पर 10.27 रुपये प्रति किलोमीटर का भुगतान करना होगा. हालांकि, यह सेवा अभी आधिकारिक रूप से शुरू नहीं की गई है. सोमवार (15 सितंबर) को अधिकारियों ने इस संबंध में जानकारी दी.
राज्य सरकार ने इस साल की शुरुआत में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में बड़ा निर्णय लेते हुए एक शासकीय आदेश (जीआर) जारी किया था. इसके तहत, एक लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में बाइक टैक्सी और बाइक पूलिंग सेवा संचालित करने की इजाजत दी गई थी. इसके बाद 4 जुलाई 2025 को सरकार ने ‘महाराष्ट्र बाइक टैक्सी नियम, 2025’ की अधिसूचना जारी कर दी थी. अब किराए की दरें तय होने से इस सेवा को शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है.
महाराष्ट्र में बाइक टैक्सी का न्यूनतम किराया तय
किराया तय करने को लेकर भी स्पष्ट जानकारी दी गई है. रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (आरटीओ) के एक अधिकारी ने बताया कि स्टेट ट्रांसपोर्ट सचिव संजय सेठी की अध्यक्षता में 18 अगस्त को एसटीए की बैठक हुई थी. इसमें पूरे राज्य में लागू होने वाले किराए को मंजूरी दी गई. इस फैसले में खटुआ पैनल का फॉर्मूला इस्तेमाल किया गया है, जो पहले से ही ऑटो रिक्शा और टैक्सियों का किराया तय करने के लिए अपनाया जाता रहा है.
हालांकि, अभी यह सेवा आधिकारिक तौर पर शुरू नहीं हुई है. इसके बावजूद कई जगह बाइक टैक्सियां अवैध रूप से चल रही हैं. परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए बताया कि मुंबई महानगरीय क्षेत्र (MMR) में अब तक 123 बाइक टैक्सियों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा चुके हैं. विभाग का कहना है कि जब तक सेवा औपचारिक रूप से लॉन्च नहीं होती, तब तक बिना पंजीकरण और अनुमति के चल रही टैक्सियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इस फैसले से उम्मीद की जा रही है कि आम लोगों को शहरों में सस्ती और तेज यात्रा का विकल्प मिलेगा. खासकर ट्रैफिक जाम वाले इलाकों में बाइक टैक्सी बेहतर विकल्प साबित हो सकती हैं. राज्य सरकार और परिवहन विभाग की ओर से जल्द ही इस सेवा को आधिकारिक रूप से शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
