महाराष्ट्र जिला परिषद चुनाव: BJP की बंपर जीत पर बोले CM फडणवीस, कहा- पार्टी ने तोड़ा अपना 2017 का रिकॉर्ड

महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के नतीजों में महायुति ने शानदार प्रदर्शन किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस जीत को जनता का भरोसा बताते हुए कहा कि BJP ने 2017 का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका जनता से संपर्क कट चुका है।
CM Devendra Fadnavis

मुंबई: महाराष्ट्र में हुए जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली महायुति ने बड़ी जीत हासिल की है। अब तक आए रुझानों और नतीजों में महायुति ने अधिकतर सीटों पर बढ़त बना ली है, जिसे लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की ग्रामीण जनता ने एक बार फिर महायुति पर अपना विश्वास जताया है।

नतीजों के बाद प्रेस से बात करते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि इन परिणामों ने राज्य के ग्रामीण इलाकों की मानसिकता को स्पष्ट कर दिया है। उनके अनुसार, बीजेपी राज्य में नंबर एक पार्टी बनकर उभरी है और यह जीत 2014 से शुरू हुए बदलाव का प्रतीक है।

2017 का रिकॉर्ड टूटा, सीटों का आंकड़ा 400 पार

मुख्यमंत्री ने आंकड़ों के साथ अपनी बात रखते हुए बताया कि इस बार पार्टी ने प्रदर्शन के मामले में अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

“बीजेपी ने इस बार अपना ही 2017 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साल 2017 में बीजेपी को 284 सीटें मिली थीं, जबकि इस बार अब तक 410 सीटों पर जीत दर्ज की जा चुकी है।”- देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र

उन्होंने पंचायत समितियों के प्रदर्शन पर भी जानकारी दी। फडणवीस ने कहा, “पंचायत समिति चुनावों की बात करें तो 125 में से 100 से ज्यादा पंचायत समितियों में महायुति को सफलता मिली है। यह एक ऐतिहासिक जीत है।”

‘सिर्फ शहरी नहीं, ग्रामीण इलाकों में भी BJP मजबूत’

देवेंद्र फडणवीस ने इस धारणा को भी खारिज किया कि बीजेपी केवल शहरी क्षेत्रों की पार्टी है। उन्होंने कहा, “2014 में यह धारणा खत्म की गई थी कि बीजेपी केवल शहरी पार्टी है। 2017 में पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया और इस बार के नतीजों ने उस मजबूती को और पुख्ता कर दिया है। हमारे सहयोगी दलों का प्रदर्शन भी काफी मजबूत रहा है।”

सीएम ने कोल्हापुर और लातूर का जिक्र करते हुए कहा कि वहां विपक्ष के तीनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा, लेकिन इसके बावजूद महायुति नंबर एक पर रही।

विपक्ष पर तीखा हमला

इन नतीजों को लेकर मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को जनता की नब्ज समझने की जरूरत है। सीएम फडणवीस के मुताबिक, विपक्ष का जनता से संपर्क पूरी तरह टूट चुका है और वे सिर्फ आरोप लगाने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि बार-बार ऐसे चुनावी नतीजे सामने आ रहे हैं, जहां जनता उन्हें नकार रही है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews