मालेगांव मेयर चुनावः इस्लाम पार्टी की नसरीन खालिद शेख बनीं नई महापौर, सपा की शान-ए-हिंद डिप्टी मेयर चुनी गईं, AIMIM-BJP ने नहीं डाला वोट

महाराष्ट्र के नासिक जिले की मालेगांव महानगरपालिका में एक नए राजनीतिक समीकरण ने सत्ता हासिल कर ली है। यहां इस्लाम पार्टी और समाजवादी पार्टी के गठबंधन ने कांग्रेस के समर्थन से मेयर और डिप्टी मेयर दोनों पदों पर कब्जा कर लिया। इस्लाम पार्टी की नसरीन खालिद शेख को मेयर चुना गया, जबकि सपा की शान-ए-हिंद डिप्टी मेयर बनीं।
Malegaon mayoral election

मालेगांव: महाराष्ट्र की सियासत में अहम माने जाने वाले मालेगांव महानगरपालिका को नया मेयर और डिप्टी मेयर मिल गया है। मालेगांव सेकुलर फ्रंट गठबंधन ने यहां अपना परचम लहराया है, जिसमें इस्लाम पार्टी की उम्मीदवार नसरीन खालिद शेख को नया मेयर चुना गया है। वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) की शान-ए-हिंद निहाल अहमद उपमहापौर के पद पर विजयी हुई हैं।

इस चुनाव की सबसे खास बात यह रही कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पार्षदों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया और तटस्थ बने रहे। यह चुनाव जिलाधिकारी आयुष प्रसाद की देखरेख में संपन्न हुआ, जिन्होंने इसे सौहार्दपूर्ण बताया।

ऐसे हुआ मेयर और डिप्टी मेयर का फैसला

मेयर पद के लिए हुए चुनाव में इस्लाम पार्टी की नसरीन खालिद शेख को कुल 43 वोट मिले, जिसके बाद उन्हें विजयी घोषित किया गया। उनके सामने खड़ी शिवसेना उम्मीदवार को महज 18 वोटों से संतोष करना पड़ा। कांग्रेस के तीन पार्षदों ने गठबंधन का समर्थन करते हुए नसरीन शेख के पक्ष में मतदान किया।

इसी तरह, उपमहापौर पद पर भी यही समीकरण देखने को मिला। समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार शान-ए-हिंद ने शिवसेना के एडवोकेट निलेश काकड़े को हराया। शान-ए-हिंद को 43 मत प्राप्त हुए, जबकि काकड़े को 18 वोट मिले। इस पद के चुनाव में भी AIMIM के 21 और बीजेपी के 2 पार्षदों ने वोटिंग से दूरी बनाए रखी।

पहले ही चुनाव में इस्लाम पार्टी का दबदबा

मालेगांव में इस साल जनवरी में हुए नगर निगम चुनावों के नतीजे काफी दिलचस्प रहे थे। 84 सीटों वाली महानगरपालिका में पूर्व कांग्रेस विधायक शेख आसिफ शेख राशिद द्वारा बनाई गई नई ‘इस्लाम पार्टी’ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी। पार्टी ने अपने पहले ही चुनाव में 35 सीटें जीतकर सभी को चौंका दिया था।

चुनाव नतीजों में AIMIM को 21, शिवसेना को 18, समाजवादी पार्टी को 5, कांग्रेस को 3 और बीजेपी को 2 सीटें मिली थीं। इस्लाम पार्टी की स्थापना 20 अक्टूबर 2024 को हुई थी और इतने कम समय में मेयर पद पर कब्जा करना एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि मानी जा रही है।

“सौहार्दपूर्ण माहौल में महापौर और उपमहापaur पद का चुनाव संपन्न हुआ।”- आयुष प्रसाद, जिलाधिकारी (पीठासीन अधिकारी)

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews