
महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार को सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दरअसल, अरब सागर में एक कार्गो जहाज से कई कंटेनर गिरने की जानकारी सामने आई है, जिनके भारतीय तट की ओर बहकर आने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद से पुलिस और केंद्रीय समुद्री एजेंसियों ने तटीय सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और मछुआरों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु दिखने पर तुरंत जानकारी देने की अपील की है।
अरब सागर में गिरे कंटेनरों से अलर्ट
मिली जानकारी के अनुसार, ‘MV Phonnix 15’ नामक कार्गो जहाज ओमान के सालाह बंदरगाह से करीब 20 नॉटिकल मील आगे बढ़ा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया। हादसे के दौरान कुल 48 कंटेनर समुद्र में गिर गए। इनमें से सिर्फ 8 कंटेनर अब तक बरामद किए जा सके हैं। बाकी कंटेनरों के या तो समुद्र की गहराई में डूब जाने की आशंका है या फिर उनके भारत के तटीय इलाकों की ओर बहकर आने की संभावना है। यही वजह है कि तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।
पालघर जिले की सभी मरीन और बे पुलिस चौकियों—जैसे सफाला, केलवा, सटपाटी, तारापुर, वनगांव, दहानू और घोलवाड—को सतर्क कर दिया गया है। उच्च अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि अगर समुद्र में कोई कंटेनर या उससे जुड़ा सामान दिखाई दे तो तुरंत सूचना दी जाए। इसके लिए स्थानीय मछुआरों, तटीय गांवों के निवासियों और गश्ती दल को विशेष रूप से अलर्ट किया गया है, ताकि समय रहते सुरक्षा कदम उठाए जा सकें।
पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध कंटेनर या सामग्री की सूचना तुरंत भारतीय नौसेना, कोस्ट गार्ड और पालघर पुलिस कंट्रोल रूम को दी जानी चाहिए। साथ ही, जिले की सुरक्षा शाखा के प्रभारी अधिकारी को भी तत्काल खबर पहुंचाना जरूरी है। फिलहाल पालघर पुलिस नौसेना और कोस्ट गार्ड के साथ मिलकर तटीय इलाकों की लगातार निगरानी कर रही है। इस घटना ने जहां सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर ला दिया है, वहीं तटीय इलाकों के स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल बन गया है।
