“कांग्रेस कोई डूबता हुआ जहाज नहीं..” संजय राउत का CM फडणवीस के बयान पर पलटवार, विपक्षी दलों से की खास अपील

शिवसेना-UBT के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस कोई डूबता जहाज नहीं है। इसके अलावा उन्होंने भाजपा की राजनीति के खिलाफ विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की है।
Sanjay Raut

हाल ही में हुई INDIA गठबंधन की बैठक के बाद भाजपा लगातार निशाना साध रही है। वहीं तृणमूल कांग्रेस और शरद पवार गुट वाली एनसीपी के कांग्रेस में विलय की खबरें भी सामने आई थी। जिसके बाद शुक्रवार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस को “डूबता जहाज” करार दिया था। मुख्यमंत्री के इस बयान पर पलटवार करते हुए शनिवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

शिवसेना-UBT के नेता संजय राउत ने कहा कि कांग्रेस कोई डूबता जहाज नहीं है। उन्होंने कहा कि जो नेता पहले कांग्रेस छोड़कर अलग-अलग राजनीतिक दलों का गठन कर चुके हैं, उन्हें अब अपने मतभेद भुलाकर फिर से एकजुट होना चाहिए और कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए आगे आना चाहिए।

संजय राउत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के अध्यक्ष शरद पवार से भी इस दिशा में पहल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विपक्षी ताकतों को मजबूत करने और राष्ट्रीय राजनीति में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए समान विचारधारा वाले नेताओं को साथ आने की जरूरत है। राउत ने पुणे में पत्रकारों से बातचीत में यह बयान दिया है।

संजय राउत की विपक्षी दलों से अपील

संजय राउत ने वर्तमान सियासी हालातों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी की राजनीति के खिलाफ एकजुटता की अपील भी की है। राउत ने कहा कि भाजपा की राजनीति का प्रभावी मुकाबला करने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना होगा। यदि हम वास्तव में भाजपा की नीतियों और राजनीति के खिलाफ मजबूती से लड़ना चाहते हैं, तो सभी विपक्षी दलों को साथ आना होगा। कांग्रेस को भी मजबूत होना चाहिए।

राउत ने आगे कहा, कांग्रेस छोड़कर अलग हुए सभी नेताओं को फिर से एक मंच पर आने के बारे में विचार करना चाहिए। यदि वरिष्ठ नेता शरद पवार इस दिशा में पहल करें, तो यह संभव हो सकता है। हम एक क्षेत्रीय पार्टी हैं, लेकिन इस प्रयास में पूरी मजबूती के साथ आपके साथ खड़े रहेंगे।

कांग्रेस को लेकर देवेंद्र फडणवीस ने क्या दिया था बयान?

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस को डूबता जहाज बताया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस अब डूबता जहाज है। जो लोग उस पर सवार हैं, उन्हें जल्द ही डूबने का खतरा है। फडणवीस ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस के डूबते हुए जहाज पर सवार नेताओं को भी इसके परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews