RSS प्रमुख मोहन भागवत से मिले गायक अदनान सामी, कांग्रेस ने उठाए सवाल, पिता के पाकिस्तानी पायलट होने का दिया हवाला

महाराष्ट्र कांग्रेस ने RSS प्रमुख मोहन भागवत द्वारा गायक-संगीतकार अदनान सामी के साथ भोजन करने की कड़ी आलोचना की है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह एक देश-विरोधी कृत्य है, क्योंकि सामी के पिता 1965 के भारत-पाक युद्ध में पाकिस्तानी वायु सेना के पायलट थे।
Mohan Bhagwat

मुंबई: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत और गायक अदनान सामी की एक मुलाकात पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोमवार को इस मुलाकात की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘देश-विरोधी’ करार दिया। कांग्रेस ने इस आलोचना का आधार अदनान सामी के पिता के अतीत को बनाया है, जो पाकिस्तानी वायु सेना में एक पायलट थे।

यह पूरा मामला मुंबई में RSS के 100वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित एक दो-दिवसीय कार्यक्रम से जुड़ा है। इस कार्यक्रम में अदनान सामी समेत कई हस्तियां शामिल हुई थीं। इसी दौरान उन्होंने संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की और उनके साथ भोजन भी किया।

अदनान सामी ने की थी भागवत की तारीफ

रविवार को अदनान सामी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मोहन भागवत के साथ कुछ तस्वीरें साझा की थीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने RSS प्रमुख की प्रशंसा भी की।

“RSS के महान सरसंघचालक (प्रमुख) मोहन भागवत जी के साथ एक शानदार दोपहर बिताई। उन्हें बोलते हुए सुनना बहुत अच्छा लगा और कई ऐसे मिथक और गलतफहमियां थीं जिन्हें उन्होंने बहुत अच्छे से समझाया और साफ किया। एक अद्भुत सज्जन और खूबसूरत इंसान।”- अदनान सामी

पद्म श्री से सम्मानित गायक की इस पोस्ट के बाद ही राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गईं।

कांग्रेस का ‘1965 युद्ध’ कनेक्शन का आरोप

महाराष्ट्र कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर एक पोस्ट के जरिए इस मुलाकात पर गंभीर सवाल उठाए। पार्टी ने दावा किया कि अदनान सामी के पिता, अरशद सामी खान, 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में एक पाकिस्तानी एयर फोर्स पायलट थे।

कांग्रेस ने अपने पोस्ट में लिखा, “अदनान सामी के पिता, अरशद सामी खान, पाकिस्तान एयर फोर्स में पायलट थे जिन्होंने 1965 के युद्ध के दौरान पठानकोट एयर बेस को तबाह कर दिया था। आज, मोहन भागवत उनके साथ खाना खा रहे हैं।” इस आरोप के साथ ही कांग्रेस ने RSS की राष्ट्रभक्ति पर सवालिया निशान लगाया है।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews