मंदसौर में गजब मामला, जिला अस्पताल से जेवरों से भरा बैग ले उड़ा श्वान, CCTV से खुला राज

मंदसौर जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड से एक महिला का जेवर से भरा बैग गायब हो गया था। पुलिस इस मामले में चोर की तलाश कर रही थी। लेकिन फिर यह सामने आया कि किसी इंसान ने नहीं बल्कि श्वान ने इस कारनामे को अंजाम दिया है।
Mandsaur

मध्य प्रदेश के मंदसौर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, यहां अपने बेटे के हाथ का इलाज कराने के लिए आई एक महिला का बैग रात में गायब हो गया था। महिला द्वारा पुलिस में यह शिकायत की गई थी कि उसके बैग में जेवर रखे हुए थे, जो अब नहीं मिल रहे हैं।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने जब गहनों की तलाश शुरू की तो एक अलग ही कहानी सामने आई। आमतौर पर यह देखने में आता है कि किसी भी व्यक्ति का पर्स, बैग या जरूरी सामान किसी चोर द्वारा पार कर लिया जाता है। लेकिन इस बार किसी इंसान ने नहीं बल्कि एक श्वान ने इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया था।

बैग में थे 4 लाख के जेवर

मंदसौर सिटी कोतवाली पुलिस को नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के कयामपुर में रहने वाली एक महिला लताबाई वाल्मीकि ने यह शिकायत दर्ज कराई थी कि अपने बेटे के हाथ में चोट लगने की वजह से उन्होंने उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया था। बेटे की देख-रेख के लिए अस्पताल में ही रुकी थी। इस दौरान वह अपने साथ एक बैग लेकर आई थी जो जेवरों से भरा हुआ था। बैग अस्पताल से गुम हो गया है। महिला ने बताया कि बैग में चांदी का कमर कंदोरा, पायल, घूघरियां, सोने का मंगलसूत्र और दो अंगूठियां, बाली, नथ और मोती सहित 2 हजार रुपए नगद रखे हुए हैं।

सीसीटीवी से खुला राज

महिला की शिकायत के आधार पर जब गहनों की तलाशी के लिए पुलिस द्वारा जांच पड़ताल शुरू की गई तब अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में चौंकाने वाले दृश्य नजर आए। महिला की जानकारी के मुताबिक बैग रात 1 बजे से सुबह करीब 6 बजे के बीच गायब हुआ था। जब इस समय के फुटेज देखे गए तो यह सामने आया कि बैग किसी व्यक्ति ने गायब नहीं किया है बल्कि एक श्वान अपने मुंह में दबाकर ले गया है।

पुलिस ने बरामद किया बैग

सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस ने यह देखा कि श्वान किस रास्ते से इस बैग को लेकर गया है। पूरे परिसर में सघन तलाशी की गई। इसके बाद परिसर में ही यह बैग लावारिस हालत में मिला। जब जांच की गई तो इसमें सारे जेवर सुरक्षित रखे हुए थे। पुलिस ने दस्तावेजों की कार्रवाई पूरी करने के बाद महिला को बैग सुरक्षित लौटा दिया।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews