दीपावली की मिठाइयों पर खाद्य विभाग की नजर, मंदसौर के दलौदा में दुकानों पर छापेमारी

दीपावली से पहले मंदसौर जिले के दलौदा में खाद्य विभाग, राजस्व और पुलिस की टीम ने मिठाई और मावे की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। इस दौरान कई सैंपल लेने के साथ ही पुराना तेल भी नष्ट कराया गया।
मंदसौर

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में दीपावली का त्योहार पास आते ही मिलावटखोरों पर लगाम कसने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। दरअसल सोमवार शाम को मंदसौर जिले के दलौदा कस्बे में खाद्य विभाग राजस्व विभाग और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने मिलकर अचानक कई बड़ी दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमार कार्रवाई की।

12 से ज्यादा दुकानों पर हुई जांच

प्रशासन की इस संयुक्त टीम ने दलौदा बाजार में स्थित मिठाई, मावा और नमकीन की एक-एक दुकान की बारीकी से जांच-पड़ताल की। त्योहारों पर बिकने वाली चीजों की शुद्धता परखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 12 से ज्यादा दुकानों से मावे और तरह-तरह की मिठाइयों के सैंपल कलेक्ट किए। मौके पर ही मावे के सैंपल लेकर उनका स्टार्च टेस्ट भी किया गया हालांकि गनीमत रही कि जांच में कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली।

तीन दुकानों पर मिला पुराना और खराब तेल

दुकानों की तलाशी के दौरान अधिकारियों को कुछ जगहों पर खाने-पीने की चीजों में लापरवाही भी देखने को मिली, जिस पर तुरंत कड़ा एक्शन लिया गया। टीम ने जांच के दौरान तीन दुकानों पर समोसे और कचौड़ी बनाने के लिए इस्तेमाल हो रहे पुराने और जले हुए तेल को पकड़ लिया। अधिकारियों ने तुरंत करीब 10 लीटर पुराना खाद्य तेल मौके पर ही फिंकवाकर पूरी तरह नष्ट करवा दिया।

दुकानदारों को सख्त हिदायत

प्रशासन की टीम ने मौके पर मौजूद सभी दुकानदारों को बहुत साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नायब तहसीलदार रवि पटेल ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि वे कड़ाई से नियमों का पालन करें और किसी भी सूरत में एक ही तेल का तीन बार से ज्यादा इस्तेमाल दोबारा बिल्कुल न करें।

ठेले और फेरी वालों को भी सफाई रखने के निर्देश

यह कार्रवाई सिर्फ बड़ी दुकानों तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि बाजार में ठेला और फेरी लगाकर सामान बेचने वाले छोटे दुकानदारों पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

प्रशासनिक टीम ने पानी-पताशे और अन्य चाट-पकौड़ी बेचने वाले छोटे दुकानदारों को भी कड़ी हिदायत दी। उन्हें साफ-सफाई रखने खाना बनाते वक्त हाथों में ग्लव्स पहनने और हमेशा साफ पानी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews