
दीपावली से पहले सिवनी पुलिस को अलर्ट देखा जा रहा है। शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे। इसके लिए पुलिस लगातार जरूरी कदम उठा रही है। ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने एक विशेष अभियान भी शुरू किया है।
इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने सोमवार की रात गांधी चौक पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। जिन वाहन चालकों ने नियमों का पालन नहीं किया था, मौके पर ही उनके चालान बनाए गए।
पुलिस ने की चालानी कार्रवाई
सिवनी पुलिस ने अपने इस अभियान के तहत बिना हेलमेट गाड़ी चलाने, तीन सवारी बैठाने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन, नाबालिग के वाहन चलाने, मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले लोगों के यातायात नियमों के उल्लंघन के चलते चालान काटे।

वाहन चालकों को समझाए नियम
चालानी कार्रवाई करने के साथ वाहन चालकों को पुलिस ने नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी। दोपहिया वाहन चालकों को हमेशा हेलमेट लगाने, कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति में वाहन चलाने, यातायात सिग्नल का पालन करने की समझाइश दी गई। इसी के साथ वाहन के दस्तावेज साथ रखने की अपील भी की गई।

यातायात में आ रहे अवरोध हटाए
इस अभियान के तहत पुलिस को दुकानों के सामने सड़क पर रखे हुए विज्ञापन बोर्ड, बैनर और अन्य अवरोध हटवाते हुए देखा गया। व्यापारियों को समझाया गया कि वो दुकानों के बाहर बोर्ड या अन्य सामान ना रखें। इससे सड़क की चौड़ाई कम होती है और यातायात बाधित हो जाता है। धनतेरस और दीपावली के समय बाजार में भीड़ काफी रहती है। ऐसे में पुलिस का कहना है कि नागरिकों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर अपने वाहन खड़े करना चाहिए ताकि आवागमन में परेशानी का सामना ना करना पड़े।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

