
भोपाल। राजधानी भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में करीब एक महीने से फरार चल रहे आरोपी केयरटेकर वरुण कुमार को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे आरोपी को भोपाल लाते समय मुगलिया छाप के पास उसका शॉर्ट एनकाउंटर हुआ। पुलिस के मुताबिक, वरुण ने पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी कर भागने की कोशिश की थी। इसी दौरान पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। घायल आरोपी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि पुलिस की विशेष टीम वरुण कुमार को आगरा से गिरफ्तार करने के बाद भोपाल लेकर आ रही थी। मुगलिया छाप के पास आरोपी ने अचानक पुलिस टीम के साथ झूमाझटकी शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। पुलिसकर्मी घायल वरुण को लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
30 सितंबर की रात हुई थी राकेश अग्रवाल की हत्या
भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरज नगर स्थित घर में 30 सितंबर की रात रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद उनका केयरटेकर वरुण कुमार फरार हो गया था। पुलिस ने उसे मुख्य आरोपी मानते हुए तलाश शुरू की, लेकिन लगातार ठिकाने बदलने के कारण वह गिरफ्तारी से बचता रहा।

वरुण की तलाश में भोपाल पुलिस की अलग-अलग टीमों ने ग्वालियर, मथुरा, वृंदावन और पंजाब सहित कई स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस को आरोपी के कुछ CCTV फुटेज भी मिले थे। इन सुरागों के आधार पर तलाश आगे बढ़ाई गई और आखिरकार पुलिस ने उसे आगरा से गिरफ्तार कर लिया।
50 हजार रुपये का इनाम घोषित, SIT कर रही थी तलाश
हत्याकांड के बाद आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। इसकी कमान पुलिस मुख्यालय में पदस्थ AIG उमेश तिवारी को सौंपी गई थी। फरार वरुण कुमार की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
इस मामले में IAS एसोसिएशन ने भी पुलिस कार्रवाई को लेकर चिंता जताई थी। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने पहले मुख्य सचिव और बाद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग राज्यों में आरोपी की तलाश तेज कर दी थी।
गिरफ्तारी के बाद अब हत्या की वजह जानने की कोशिश
करीब एक महीने की तलाश के बाद वरुण कुमार की गिरफ्तारी से पुलिस को हत्याकांड की जांच आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि राकेश अग्रवाल की हत्या क्यों की गई और वारदात के दौरान क्या हुआ था।
फिलहाल वरुण हमीदिया अस्पताल में भर्ती है। पुलिस के अनुसार, भोपाल लाते समय उसके भागने की कोशिश के दौरान शॉर्ट एनकाउंटर हुआ था। आरोपी के इलाज के बाद पुलिस हत्या से जुड़े बाकी सवालों के जवाब तलाशेगी।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

