अच्छी बारिश के लिए मंदसौर में अनोखा टोटका, गधों से कराई नमक-उड़द की बुवाई

मंदसौर के चंद्रपुरा इलाके में अच्छी बारिश के लिए एक अनोखी परंपरा निभाई गई। यहां पूजा पाठ के बाद गधों से नमक और उड़द की बुवाई करवाई गई।
Mandsaur

अच्छी बारिश और इंद्रदेव को खुश करने के लिए गधों को गुलाब जामुन खिलाने के टोटके के बारे में आप सभी ने सुना होगा। लेकिन मंदसौर में एक अनोखी परंपरा देखने को मिली। यहां के चंद्रपुरा इलाके में लोग गधों को श्मशान में लेकर पहुंचे और विशेष पूजा पाठ करने के बाद उनसे नमक और उड़द की बुवाई करवाई।

स्थानीय लोगों के बीच में मान्यता है कि यह टोटका हमेशा अच्छी बारिश के काम आता है। उनके पूर्वजों के समय से ही बारिश न होने पर ये टोटका किया जाता है। यही कारण रहा कि कुछ लोग गधों को लेकर श्मशान घाट पहुंचे और काल भैरव के सामने पूजन पाठ किया। इसमें बाद वहीं पर बुवाई करवाई। लोगों की माने तो पिछले कई सालों से अच्छी बारिश के लिए कोई टोटका करते आ रहे हैं।

अच्छी बारिश के लिए गजब का टोटका

अच्छी बारिश के लिए निभाई जाने वाली इस परंपरा में गधों को फूल माला पहनाई जाती है। जिस समय उनसे बुवाई करवाई जाती है उस समय दो लोग भी इन गधों के पीछे पीछे माला पहनकर चलते हैं। जब ये टोटका कारगर साबित होता है तो गधों को गुलाब जामुन खिलाए जाते हैं।

टोटका कामयाब होने पर गुलाबजामुन

इस परंपरा के बारे में जानकारी देते हुए शैलेंद्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि उनके पूर्वजों के समय से यह परंपरा चली आ रही है। श्मशान पर ले जाकर गधों से पूजा और बुवाई करवाते हैं। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया जाता है। जब अच्छी बारिश हो जाती है तो इन्हें दोबारा ढूंढ कर सम्मान दिया जाता है और गुलाब जामुन खिलाए जाते हैं। गोस्वामी के मुताबिक लोगों के बीच के विश्वास है कि इस टोटके के बाद गधे अपने घर पहुंचते हैं उसके पहले ही बारिश शुरू हो जाती है। 2023 और 2025 में भी यह टोटका किया गया था।

कैसी है बारिश की स्थिति

मंदसौर जिले में बारिश की स्थिति की बात करें तो क्षेत्र में अभी भी जनता अच्छी बारिश का इंतजार कर रही है। अच्छी वर्षा की उम्मीद में ही चंद्रपुरा इलाके में पूर्वजों के समय से चली आ रही इस परंपरा को दोहराया गया। जिले में इस साल पिछले वर्ष की तुलना में 7 इंच बारिश कम हुई है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews