Morena News : अवैध रेत ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को वन टीम ने पकड़ा, चालक हुआ फरार

वन विभाग की टीम को चकमा देकर चालक मौके से फरार हो गया है।
morena news

Morena News : चंबल से सटे मुरैना जिले में खनिज का खेल लंबे समय से चल रहा है। इन दिनों पूरे जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लगी हुई है। इसी के चलते वन विभाग की टीम ने चंबल के अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ा है। वहीं वन विभाग की टीम को चकमा देकर चालक मौके से फरार हो गया है।

क्या है पूरा मामला

बता दें कि यह मामला उस समय का है। जब वन विभाग की टीम मुरैना के कैलारस क्षेत्र में गश्त लगा रही थी। तभी सुबह के समय कैलारस की एमएस रोड पर मुरैना की तरफ से चंबल के अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली उधर से गुजर रही थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली को देखते ही गश्ती टीम के प्रभारी ने तुरंत अपने सीनियर अधिकारी से कॉल पर बात की।

उधर सीनियर अधिकारी ने उसे पकड़ने के आदेश दे दिए। फिर गश्ती टीम ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा करने लगी। यह देख ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार रेत माफिया ने सबलगढ़ की तरफ ट्रैक्टर न ले जाते हुए पहाड़गढ़ की तरफ मोड़ दिया। इस दौरान टीम ने रेत माफिया के अवैध ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ने का वीडियो भी बनाया है। रेत माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर तेजी से भगाने लगा। यह देख गश्ती टीम ने भी अपनी गाड़ी को भगाना शुरू कर दिया और उसका पीछा करते हुए अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ लिया। लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।

मुरैना से नितेन्द्र शर्मा की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews