मुरैना में बेख़ौफ़ बदमाश, चोर को पकड़ने गई पुलिस पार्टी पर लाठी डंडों से हमला

मुरैना में बेख़ौफ़ बदमाश, चोर को पकड़ने गई पुलिस पार्टी पर लाठी डंडों से हमला

मुरैना, संजय दीक्षित।  पिछले दिनों रंगदारी दिखाने कोरोना कर्फ्यू (Corona Curfew) के बीच दिन दहाड़े फायरिंग करते कुछ युवकों के वायरल वीडियो की चर्चा ने मुरैना को इस बात के लिए सुर्ख़ियों में ला दिया था कि चम्बल अंचल के इस जिले में कानून का नहीं बदमाशों का राज है, उन्हें खाकी का कोई खौफ नहीं है, वे किसी पर भी हमला कर देते हैं । अब ऐसी ही एक खबर फिर बाहर आई है जिसने इस बात को और पुख्ता कर दिया है।  यहाँ सिर्फ बदमाश ही नहीं ग्रामीण भी पुलिस (Police) पार्टी पर हमला (Attack)  करने लगे हैं।

मुरैना में पुलिस (Police) की वर्दी का खौफ बदमाशों के दिलो दिमाग से दिनों दिन कम होता जा रहा है। वे मारपीट और फायरिंग और हमला करने से भी बिल्कुल नहीं चूकते। अंजाम की परवाह किए बगैर पुलिस पर हमला कर देते हैं और पुलिस लाचार बन कर बैठ जाती है। बदमाशों के साथ साथ अब ग्रामीणों के हौंसले भी इतने बुलन्द हो गए हैं कि सरेआम पुलिस पर हमला करने लगे हैं  ऐसा ही मामला दिमनी थाना क्षेत्र के माता पुरा में देखने को मिला है। जहाँ मोटर साइकिल चोर को पकड़ने गई पुलिस पार्टी पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिसमें पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें – जेल में क्षमता से अधिक कैदी, कोरोना संकटकाल के बीच हाईकोर्ट ने दिए ये निर्देश

जानकारी के अनुसार दिमनी थाना पुलिस बीती रात माता पुरा में मोटर साइकिल चोर को पकड़ने गयी थी। जिसकी मोटर साइकिल चोरी की गई थी वह फरियादी साथ मे गया था लेकिन चोर पुलिस को देखकर भाग गया। पुलिस बल वापस खाली हाथ लौट रहा था तभी ग्रामीणों ने बीच रास्ते पटिया डाल दी और रास्ते को अवरुद्ध कर दिया। पुलिस ने पटिया को हटाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने लाठी डंडों से हमला बोल दिया और पुलिस की गाड़ी के काँच तोड़ दिए। इस हमले में एएसआई नाथूराम शर्मा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं वहीं कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। हमले के बाद घायल पुलिसकर्मियों को दिमनी स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया गया लेकिन एएसआई के गंभीर चोट होने के कारण जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। जहां उनका उपचार किया जा रहा हैं।

ये भी पढ़ें – रूंझ नदी बनी पन्ना की गंगा, तैरते मिले 6 से ज्यादा शव, मचा हड़कंप

घटन के बाद पुलिस ने करीब 8-10 ग्रामीणों के खिलाफ 307 एवं अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस पूरे मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राय सिंह नरवरिया का कहना है कि ग्रामीणों को शक था कि पुलिसकर्मियों ने शराब पी ली है। इसलिए रास्ते मे लकड़ी का पटेला डाल कर गाड़ी को रोककर हमला कर दिया। जिसमें एएसआई घायल हुए हैं और गाड़ी की तोड़फोड़ भी की गई है। हमलावरों के पकड़ने के लिए पुलिस बल के साथ दबिश दी जाएगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews