भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों पर मारपीट के आरोप, कांग्रेस प्रत्याशी ने की एसपी से शिकायत

भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों पर मारपीट के आरोप, कांग्रेस प्रत्याशी ने की एसपी से शिकायत

ग्वालियर, अतुल सक्सेना| ग्वालियर जिले की ग्वालियर विधानसभा (Gwalior assembly) में हो रहा उप चुनाव (Byelection) नेताओं की जुबानी जंग के बाद समर्थकों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोपो तक पहुँच गया है। कांग्रेस प्रत्याशी (Congress Candidate) ने समर्थकों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि भाजपा प्रत्याशी (BJP Candidate) के समर्थक उनके लोगों के साथ ना सिर्फ मारपीट कर रहे हैं बल्कि जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और भाजपा प्रत्याशी को वोट देने का दबाव बना रहे हैं।

ग्वालियर विधानसभा सभा में इस बार मुकाबला दो दोस्तों प्रद्युम्न सिंह तोमर और सुनील शर्मा के बीच है। कभी ये दोनों दोस्त एक साथ गाड़ी में बैठकर ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए प्रचार करते थे। लेकिन सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने के बाद प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भी कांग्रेस छोड़ दी और भाजपा जॉइन कर ली लेकिन सुनील शर्मा ने कांग्रेस नहीं छोड़ी। अब मुकाबला दोनों के बीच है। प्रद्युम्न सिंह तोमर भाजपा के उम्मीदवार है वहीं सुनील शर्मा कांग्रेस के प्रत्याशी। चुनाव ने दोनों दोस्तों की तलखियाँ इतनी बढ़ा दी हैं कि मामले पुलिस तक पहुँचने लगे हैं।

कांग्रेस प्रत्याशी सुनील शर्मा ने एसपी से मुलाकात कर समर्थकों के साथ मारपीट के आरोप लगाए और कहा कि प्रद्युम्न सिंह तोमर के समर्थक उनके लोगों के साथ मारपीट कर रहे हैं उन्हें जान से मारने की धमकी थाने में ही दे रहे हैं। इतना ही नहीं घर में घुसकर मारपीट कर दबाव बना रहे हैं कि भाजपा प्रत्याशी को वोट देना वरना यहाँ रह नहीं पाओगे। सुनील शर्मा के साथ एसपी ऑफिस पहुंची रीना परिहार नामक महिला ने आरोप लगाया कि प्रद्युम्न सिंह तोमर के समर्थक आज सुबह घर में घुस आये और कहने लगे कि प्रद्युम्न सिंह को ही वोट देना वरना यहाँ रह नहीं पाओगे। वहीं उसके पति अरविंद परिहार का आरोप था कि कल रात जब वो घर आ रहा था तो उसे रास्ते में प्रद्युम्न सिंह समर्थकों ने रोका और उसके साथ गाली गलौज कर प्रद्युम्न के पक्ष में वोट करने की धमकी दी और कहा कि यदि वोट नहीं दिया तो जिंदा नहीं बचोगे। उधर कांग्रेस प्रत्याशी ने मीडिया से कहा कि पिछले तीन चार दिनों से कांग्रेस समर्थकों के साथ प्रद्युम्न सिंह के समर्थक मारपीट कर रहे हैं, पुलिस थाने में जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।ऐसे में कैसे चुनाव लड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर और उनके समर्थक गुंडागर्दी और आतंक का भय दिखाकर चुनाव और मतदाता जो प्रभावित करना चाहते हैं लेकिन जनता भगवान है इन्हें जवाब जरुर देगी। उधर शिकायत सुनने के बाद एसपी अमित सांघी ने एडिशनल एसपी और सीएसपी को मामले की जाँच कर कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews