कांग्रेस प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष सहित 20 नेताओं पर एफआईआर

पुलिस

शिवपुरी, मोनू प्रधान। नामांकन दाखिल करने के दौरान चुनाव आचार संहिता और कोविड गाइड लाइन के उल्लंघन को लेकर शिवपुरी तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी नेता हरिवल्लभ शुक्ला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश सहित 20 नेताओं पर केस दर्ज किए गए हैं।

आदर्श निर्वाचन आचार संहिता और कोविड 19 गाइडलाइन के नियमों की अनदेखी करने तथा नामांकन भरने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने को लेकर पोहरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी हरिवल्लभ शुक्ला एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा सहित उनके तमाम समर्थकों के विरुद्ध शिवपुरी तहसीलदार बीएस कुशवाह की रिपोर्ट पर से पुलिस ने अपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है। इन समर्थकों में पूर्व नपाध्यक्ष, पूर्व कांग्रेस विधायक और कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी शामिल हैं। यह एफआईआर कोतवाली थाना शिवपुरी में दर्ज की गई है। बता दें कि पोहरी विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक हरिवल्लभ शुक्ला ने 14 अक्टूबर को शिवपुरी कलेक्ट्रेट पर नामांकन पर्चा दाखिल किया था। इस दौरान नियमों की अनदेखी किये जाने की बात पर केस दर्ज हुआ है।

कोतवाली टीआई बादाम सिंह यादव ने बताया कि 14 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर में पोहरी विधानसभा क्षेत्र का नामांकन पर्चा दाखिल हुआ जिसमें कोविड 19 की गाइड लाइन के उल्लंघन, मास्क एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने और निर्वाचन की आचार संहिता के नियमों का पालन न करने के कारण कांग्रेस प्रत्याशी हरिवल्लभ शुक्ला व अन्य पर वैधानिक कार्यवाही करने के संबंध में तहसीलदार शिवपुरी की और से शिकायत आई थी। जिसके बाद गुरूवार को धारा 188, 269 एवं 270 भारतीय दंड संहिता के तहत पंजीबद्ध किया गया है। तहसीलदार बीएस कुशवाह ने पुलिस को जो आवेदन सौंपा उसमें शिकायत की गई थी कि कांग्रेस प्रत्याशी हरिवल्लभ शुक्ला द्वारा नामांकन के दौरान कोविड 19 की गाइडलाइन का पालन नहीं किया गया। पर्चा दाखिल करते समय बिना अनुमति के भीड़ के रूप में जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में शुक्ला पोहरी रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष तक आए, वर्तमान में जिले में निर्वाचन की आचार संहिता लगी हुई है, तथा बिना अनुमति के इनके द्वारा ढोल नगाड़े बजाते हुए भीड़ की शक्ल में नियमों की अनदेखी करते हुए निर्वाचन आयोग की तय गाइडलाइन एवं कोविड 19 की सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने के चलते विधिवत प्रकरण दर्ज करने की कार्यवाही करें।

इनके विरुद्ध दर्ज हुआ केस
उनकी इस शिकायत पर जिन लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई उनमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा, अनिल शर्मा अन्नी, पूर्व नपाअध्यक्ष जगमोहन सेंगर, पूर्व विधायक गणेश गौतम, सत्यम नायक, भारत रावत, वीरेंद्र खटीक, बंटी शर्मा पोहरी, मलखान यादव, राजू शर्मा सूड, भोलू धाकड़, श्याम रावत सिंह निवास, रामसनेही शर्मा, दीपक पाराशर, आजाद खान, दीवान सिंह बघेल राम दुलारे यादव बैराड़, दिलीप यादव, बाबू जंडेल सिंह श्योपुर अमित शिवहरे सहित 20 नेता शामिल हैं। इनमें से अधिकांश लोग मास्क भी नहीं लगाए थे। इनके विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews