मप्र चुनाव : बीजेपी सांसद को झेलना पड़ा जनता का आक्रोश, लगे ‘वापस जाओ’ के नारे, वीडियो वायरल

mp-election-shahdol-voters-shouted-slogans-against-mp-riti-pathak-to-back

शहडोल।

विधानसभा चुनाव प्रचार का दौर अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है, लेकिन नेता-मंत्रियों और सांसदों के प्रति जनता का आक्रोश कम होने का नाम नही ले रहा है। अब शहडोल में बीजेपी और कांग्रेस प्रत्याशियों के प्रचार के लिए पहुंचे नेताओं को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। सीधी से सांसद रीति पाठक को लोगों ने खदेड़ने के अंदाज में वापस जाओ-वापस जाओ के नारे लगाकर उल्टे पांव लौटा दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों के इस व्यवहार से दोनों पार्टियों के लिए प्रचार मुश्किल हो गया है। 

दरअसल, रविवार को जनसमर्थन के लिए सीधी से बीजेपी सांसद जिले की ब्यौहारी विधानसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगने पहुंचीं थी।यहां सांसद रीति पाठक को जनता के गुस्से का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने रीति पाठक के सामने ‘रीति पाठक वापस जाओ’ के नारे लगाना शुरू कर दिया, जिसपर सांसद को उल्टे पांव लौटना पड़ गया। सोशल मीडिया पर अब इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। ऐसे में चुनाव से पहले जनता भाजपा के लिए चुनौती बनी हुई है।

खबर है कि सवर्णों द्वारा यह विरोध प्रदर्शन किया गया था। विरोध के दौरान लोगों ने जय सपाक्स और हम है माई के लाल के भी नारे लगाए।लोगों का जबर्दस्त विरोध देखकर रीति पाठक वहां से वापस लौट गईं। कहीं लोगों का यह विरोध 28 नवंबर को होने वाले मतदान में बड़े नुकसान की वजह न बन जाए।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews