मतगणना स्थल पर निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी, 100 इंजीनियरों के साथ तैनात किए जाएंगे 600 कर्मचारी

indore

MP Election 2023: आगामी 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना के लिए बिजली कंपनी ने व्यवस्था की पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए नेहरू स्टेडियम में 12 इंजीनियरों सहित उनके सहयोग के लिए 50 कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। इसके आलावा कंपनी के कार्यक्षेत्र वाले सभी जिलों में व्यवस्था के लिए करीब 600 का स्टाफ लगाया जाएगा।

मतगणना स्थल पर बिजली की आपूर्ति का किया गया इंतजाम

भारत निर्वाचन आयोग के आदेश के पालन के लिए मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने विधानसभा चुनाव के मतगणना केंद्रों पर बिजली की माकूल व्यवस्था की है। मतगणना के दिन 3 दिसंबर को कंपनी क्षेत्र में 100 इंजीनियरों सहित कुल 600 कर्मचारी लगेंगे। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, इंदौर के प्रबंध निदेशक अमित तोमर ने बताया कि मतगणना स्थल पर बिजली की पर्याप्त व्यवस्था और ड्यूटी आर्डर संबंधित अधिकारियों द्वारा निकाले गए हैं। इंदौर के नेहरू स्डेडियम, अस्थाई कंट्रोल सेंटर, स्थानीय ग्रिड, ट्रांसमिशन कंपनी के ग्रिड पर 12 इंजीनियर सहित करीब 50 कर्मचारी ड्यूटी देंगे। तोमर ने बताया कि प्रत्येक मतगणना स्थल पर डबल, ट्रिपल बिजली की आपूर्ति का इंतजाम किया गया हैं। इंदौर में 11 केवी के पांच फीडरों से निरन्तर कनेक्टिविटी है।

अन्य जिलों में भी व्यवस्था करेंगे

मतगणना के लिए इंदौर की तरह अन्य जिलों में भी इंजीनियर और अन्य कर्मचारी तैनात रहेंगे। एमडी तोमर के अनुसार धार में 7 इंजीनियर सहित 25 कर्मचारी, उज्जैन में 8 इंजीनियर सहित 25 कर्मचारी, देवास में 5 इंजीनियर सहित 25 कर्मचारी, रतलाम में 5 इंजीनियर सहित 20 कर्मचारी तैनात रहेंगे। इसी तरह कंपनी के शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, आलीराजपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर जिला मुख्यालय के मतगणना स्थलों पर इंजीनियरों सहित बिजली कर्मचारी निर्बाध आपूर्ति व्यवस्था के लिए निरंतर काम करेंगे।

इंदौर से मंगल राजपूत की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews