
AAP Deputy CM Manish Sisodia and Minister Satendra Jain resigns : आम आदमी पार्टी डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और मंत्री सतेंद्र जैन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दोनों का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। दोनों ही आप नेता इन दिनों विवादों में घिरे हुए हैं, दोनों अलग अलग मामलों में आरोपी हैं। सूत्रों के मुताबिक, सिसोदिया के विभाग परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को और कुछ विभाग राजकुमार आनंद को दिए जाएंगे। दिल्ली सरकार में फिलहाल कोई नए मंत्री नहीं बनाए जाएंगे। इधर बीजेपी ने कहा है कि अब अरविंद केजरीवाल भी अपना इस्तीफा तैयार रखें।
सुप्रीम कोर्ट से भी नहीं मिली राहत
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट से भी दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में गिरफ्तार मनीष सिसोदिया को झटका लगा है। अदालत ने उन्हें पहले हाईकोर्ट जाने की सलाह दी। सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस नेता और वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने की याचिका पर CJI की अगुवाई वाली बेंच ने मंगलवार शाम सुनवाई की। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें हाईकोर्ट जाने की सलाह दी है। सुनवाई के दौरान जजों ने कहा कि आपको हाईकोर्ट जाना चाहिए था, सीधे सुप्रीम कोर्ट से जमानत क्यों मांग रहे हैं। आप अनुच्छेद 32 के तहत यहां क्यों आए। यह अच्छी और स्वस्थ परंपरा नहीं है। आपके पास जमानत के लिए हाईकोर्ट का विकल्प है। सिसोदिया फिलहाल 4 मार्च तक सीबीआई रिमांड पर हैं।
फिलहाल दिल्ली सरकार में नहीं बनाए जाएंगे नए मंत्री!
वहीं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री रहे सत्येंद्र जैन पिछले नौ महीने से तिहाड़ जेल में बंद हैं। उनपर मनी लॉन्ड्रिंग और आय से अधिक संपत्ति होने का आरोप है। पिछले साल तिहाड़ जेल से उनके कुछ वीडियो भी वायरल हुए थे जिसपर काफी बवाल मचा था। इसमें वो जेल में मसाज कराते दिखाई दे रहे थे। हालांकि इसके बाद मनीष सिसोदिया ने उनका बचाव करते हुए कहा था कि वो बीमार है और डॉक्टरों की सलाह पर फिजियोथैरेपी ले रहे हैं। जैन की गिरफ्तारी के बाद मनीष सिसोदिया के पास उनके विभाग का भी प्रभार था। आम आदमी पार्टी में केजरीवाल के बाद सिसोदिया सबसे बड़े नेता हैं और दिल्ली सरकार में वो 33 में से पास शिक्षा, वित्त, स्वास्थ्य, उद्योग, बिजली, भूमि और भवन, जागरूकता, श्रम और रोजगार, सेवाएं, पर्यटन, कला-संस्कृति और भाषा, लोक निर्माण सहित कुल 18 विभाग संभाल रहे थे। अब उनके इस्तीफे के बाद ये देखना होगा कि इन विभागों की जिम्मेदारी किसे दी जाती है। फिलहाल सूत्रों से जो जानकारी सामने आ रही है उसके मुताबिक दिल्ली सरकार में कोई नए मंत्री नहीं बनाए जाएंगे। मनीष सिसोदिया के प्रभार वाले विभाग परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को और कुछ विभाग राजकुमार आनंद को दिए जाने के चर्चाएं जोरों पर हैं।
आम आदमी पार्टी डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और मंत्री सतेंद्र जैन ने दिया इस्तीफा, सीएम केजरीवाल ने किया इस्तीफा मंजूर@AAPDelhi @INCDelhi @BJP4Delhi @LtGovDelhi @CMODelhi @VirendraSharmaG @PMOIndia @JansamparkMP @ArvindKejriwal @ManojTiwariMP#ManishSisodiaArrested #BreakingNews pic.twitter.com/2mQbwHdjbO
— MP Breaking News (@mpbreakingnews) February 28, 2023
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

