राघव चड्ढा पर AAP का एक्शन BJP दिल्ली अध्यक्ष बोले- “कमजोर और डरे हुए हैं केजरीवाल, जो व्यक्ति सच बोलेगा वो उनकी आंखों में खटकेगा”

भाजपा नेता ने कहा पहले सुश्री स्वाति मालीवाल और अब राघव चड्ढा, जो आम आदमी पार्टी की नींव रहे हैं, अरविंद केजरीवाल से दूर हो गए हैं। संभव है कि कुछ अन्य लोग भी आम आदमी पार्टी के दैनिक कार्यों से दूरी बना चुके हों।
Raghav Chaddha

Raghav Chaddha

आम आदमी पार्टी ने पार्टी के युवा नेता राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप नेता पद से हटा दिया है साथ ही राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर ये आग्रह भी किया है कि उन्हें पार्टी की तरफ से बोलने के लिए दिए जाने वाला समय भी ना दिया जाए, इस फैसले के बाद आम आदमी पार्टी के नेता कोई भी प्रतिक्रिया देने से बच रहे हैं लेकिन दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने प्रतिक्रिया दी है और अरविंद केजरीवाल को कमजोर और डरा हुआ नेता बताया है।

राघव चड्ढा पर भले ही आज आम आदमी पार्टी ने एक्शन लिया है लेकिन इसका अंदाजा सियासतदानों को कुछ दिनों से लग रहा था जिस तरह राघव चड्ढा राज्यसभा में पार्टी लाइन से हटकर जनता से जुड़े मुद्दे उठा रहे थे, पार्टी से दूरी बनाये हुए थे कुछ ऐसी ही चर्चाएँ चल रही थी कि पार्टी कोई एक्शन ले सकती है , आज पार्टी ने न सिर्फ उनसे डिप्टी लीडर का पद छीना है बल्कि पार्टी की तरफ से बोलने का अधिकार भी छीन लिया है।

AAP के एक्शन पर BJP का रिएक्शन 

राघव चड्ढा पर हुए एक्शन के बाद मीडिया ने सांसद संजय सिंह से जब इसपर सवाल किया तो वे बचते हुए दिखाई दिए उन्होंने कहा पार्टी के निर्णय की जानकारी राज्यसभा सचिवालय को दे दी गई है लेकिन इसपर भाजपा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पहले X पर लिखकर और फिर न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से की गई अपनी बातचीत को पोस्ट करते हुए अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लिया।

पहले स्वाति मालीवाल अब राघव चड्ढा, ये गहरे संकट का इशारा 

भाजपा दिल्ली अध्यक्ष ने कहा अरविंद केजरीवाल कमजोर और डरे हुए व्यक्ति हैं उन्हें विपक्ष से डर लगता है वो चाहे बाहर हो या उनकी पार्टी के अन्दर। जो भी सच बोलेगा या उनकी ऐसी नीतियों का विरोध करेगा जो जनता के हित में नहीं हैं, चाहे वह स्वाति मालीवाल हों या राघव चड्ढा, वह उनकी आंखों में खटकते रहेंगे। सचदेवा ने कहा केजरीवाल को नरेश बालियान जैसे लोग पसंद हैं जो संगठित गिरोह का काम करते हैं । भाजपा नेता ने कहा राघव चड्ढा को हटाना उनके अधिकार में था, लेकिन जिस तरीके से उन्होंने यह लिखकर अनुरोध किया कि उन्हें बोलने का समय न दिया जाए, वह एक बड़े संकट की ओर इशारा करता है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews