3 राज्यों की जीत पर बोले पीएम मोदी- इस हैट्रिक ने 2024 के लोकसभा चुनाव की हैट्रिक की गारंटी दे दी, विपक्ष पर जमकर गरजे, जनता को धन्यवाद

pm narendra modi

Assembly Election Results 2023:  मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में बीजेपी ने जीत का परचम लहरा दिया है। तीनों राज्यों में भाजपा अपनी सरकार बनाने जा रही है। पार्टी के इस प्रचंड जीत का जश्न बीजेपी मुख्यालय दिल्ली में मनाया गया। जहां पीएम मोदी (PM Narendra Modi), गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहें।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

पीएम मोदी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “इस चुनाव में देश को जातियों में बांटने की बहुत कोशिशें हुई। लेकिन मैं लगातार कह रहा था कि मेरे लिए देश में 4 जातियां ही सबसे बड़ी जातियां हैं। जब मैं इन 4 जातियों की बात करता हूं, तब हमारी नारी, युवा, किसान और हमारे गरीब परिवार आता है। इन 4 जातियों को सशक्त करने से ही देश सशक्त होने वाला है। आज हर एक फर्स्ट टाइम वोटर गर्व से कह रहा है ​कि वो खुद जीता है। इस जीत में हर महिला अपनी जीत देख रही है। इस जीत में बेहतर भविष्य का सपना देखने वाला हर युवा अपनी जीत देख रहा है। हर वो नागरिक इसे अपनी सफलता समझ रहा है, जो 2047 में भारत को एक विकसित राष्ट्र देखना चाहता है।”

जेपी नड्डा को दिया जीत का श्रेय

पीएम मोदी ने कहा, “हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी जिस प्रकार अपनी नीति-रणनीति को अमल में लाए, ये विजय उसका भी परिणाम है। चुनाव के दौरान उनके परिवार में दुखद घटना घटी, लेकिन उसके बावजूद नड्डा जी भाजपा कार्यकर्ता के रूप में दिन-रात डटे रहें।।”

लोकसभा चुनाव में हैट्रिक की गारंटी

प्रधानमंत्री ने लोकसभा चुनाव को लेकर कहा, “कुछ लोग कह रहे हैं कि इस हैट्रिक ने 2024 के लोकसभा चुनाव की हैट्रिक की गारंटी दे दी है।” इसके अलावा पीएम मोदी ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ” राज्य सरकार भले ही किसी भी दल की हो, आप पूरी शक्ति से राहत और बचाव के काम में जुट जाइए। यही एक समर्पित भाजपा कार्यकर्ता के संस्कार होते हैं। हमारे लिए दल से बड़ा देश है, देशवासी हैं।”

विपक्ष पर साधा निशाना, कही डाली ये बात

विपक्ष पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा, “लोकतंत्र के हित में, मेरी कांग्रेस और उसके साथियों को एक और सलाह है। कृपया करके ऐसी राजनीति ना करें जो देश विरोधी हो, जो देश को बांटने का, देश को कमजोर करने का काम करे। आज के ये नतीजे ऐसी पार्टियों के लिए सबक हैं कि केंद्र सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं और उनके लिए भेजे जा रहे फंड के बीच में मत आओ। वरना जनता आपको हटा देगी।”

चुनाव के नतीजे विपक्ष के लिए सबक- पीएम मोदी ने कहा

प्रधानमंत्री ने कहा, “ये चुनाव नतीजे, कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन के लिए भी बहुत बड़ा सबक हैं। सबक ये है कि सिर्फ कुछ परिवारवादियों के मंच पर एक साथ आ जाने से देश का भरोसा नहीं जीता जा सकता, देश की जनता का दिल जीतने के लिए राष्ट्रसेवा का जज्बा होना चाहिए। आगे पीएम ने कहा, “वो घमंडिया गठबंधन में नहीं है। जैसे-तैसे जीतने के लिए हवा-हवाई बातें करना और लोभ-लालच की घोषणाएं करना मतदाता पसंद नहीं करता। भारत का वोटर ये जानता है कि जब भारत आगे बढ़ता है, तो राज्य आगे बढ़ता है, हर परिवार का जीवन बेहतर होता है। इसलिए वो बीजेपी को चुन रहा है, लगातार चुन रहा है।”

जेपी नड्डा ने क्या कहा?

बीजेपी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा, “भाजपा राज्य या देश में जब भी चुनाव लड़ा है तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेतृत्व को संभाला है और उस चैलेंज को स्वीकार किया है।” विपक्ष पर तंज कसते हुए नड्डा ने कहा, ” INDIA Alliance के तुष्टिकरण, जातिवाद, वोट बैंक की राजनीति, देश को बांटने की कोशिश पर मोदी जी के विकास का पलड़ा भारी पड़ा। देश ने विकास को आगे रख कर इन चुनावों के नतीजों पर मुहर लगाई है। पीएम मोदी को विपक्ष द्वारा दी गईं गलतियों को जनता के प्यार, आशीर्वाद व समर्थन ने चूर-चूर कर दिया और मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान में कमल खिला दिया।”

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews