Black day: पुलवामा हमला एक ऐसी टीस जो आज भी कर देती है सबकी आंखे नम

Black day: पुलवामा हमला एक ऐसी टीस जो आज भी कर देती है सबकी आंखे नम

Black Day : आज का दिन भारत के लिए ब्लैक डे है क्योंकि आज ही के दिन पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने सेना के जवानों के काफिले पर हमला कर दिया था। बता दें कि यह घटना 14 फरवरी के दोपहर में करीब 3 बजे घटी थी। इस दौरान कुल 78 बसों का काफिला जा रहा था, जिसमें करीब 2500 सैनिक सवार थे। वहीं, इस घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश का माहौल बन गया था। भारत और पाकिस्तान के बीच दूरियां और तनाव पैदा हो गया था। यह दिन भारत के इतिहास में काले दिन के नाम पर दर्ज हो गया है। इस हमले को आज 4 साल पूरे हो चुके हैं। जिसमें 40 जवानों की जान चली गई थी। एक ओर जहां सभी वैलेंटाइन डे का जश्न मना रहे थे तो वहीं दूसरी ओर इस हमले से पूरा देश गमगीन हो गया था।

परिवार में छाया मातम

भारत के बार्डर पर रहकर 27 घंटे हमारी सुरक्षा में तैनात जवानों का ये बलिदान सभी लोगों को अच्छे से याद था। हमले के बाद आनन- फानन में सैनिकों को अस्पताल ले जाया गया था लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सकता। अपनों को खोने का दर्द, अपने बेटे, पति, भाई, पिता को खोने का गम आज भी उन सभी परिवार की आखों में साफ दिखाई पड़ता है। घटना में शहीद हुए जवानों के पार्थिव शरीर को विमान से लाया गया और भारत की शान तिरंगा से लपेट कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद से ही, भारत के लोगों में आतंकियों के प्रति द्वेष भावना उत्पन्न हो गई। इस वारदात की पूरे विश्व के लोगों ने निंदा की थी।

प्रधानमंत्री की घोषणा

वहीं, भारत सरकार द्वारा इस हमले का बदला महज कुछ ही दिनों के भीतर ही ले लिया गया था। हमले के बाद 17 फरवरी को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा कर दी थी कि, “इस घटना के बाद मैं अपने दिल में वही आग महसूस करता हूं, जो बाकि देशवासियों के अंदर भड़क रही है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा था कि सभी आंसुओं का बदला लिया जाएगा और सशस्त्र बलों को दुश्मन के खिलाफ प्रतिशोध की जगह, समय को तय करने की पूर्ण स्वतंत्रता दी गई है”।

300 आतंकियों को किया गया था ढेर

जिसके बाद भारत ने 26 फरवरी को बालाकोट एयरस्ट्राइक किया। जिसमें जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों को ढेर कर दिया गया था। इस एयरस्ट्राइक को शातिंपूर्ण तरीके से रातों- रात करीब तीन बजे भारतीय वायुसेना के 12 मिराज 2000 फाइटर जेट्स ने लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) को पार करके बालाकोट स्थित आतंकी ठिकानों को धवस्त कर दिया गया था। इस दौरान भारत की ओर से करीब हजार किलो बम का इस्तेमाल किया गया था और 300 आतंकियों को ढ़ेर कर दिया गया था।

पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

आज इस घटना को पूरे चार साल हो चुके हैं। इसी कड़ी में भारत के प्रधानमंत्री ने सभी सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा कि, “हमारे वीर नायकों को याद करते हुए जिन्हें हमने इस दिन पुलवामा में खो दिया था। हम उनके सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेंगे। उनका साहस हमें एक मजबूत और विकसित भारत बनाने के लिए प्रेरित करता है।”

राजनाथ सिंह ने भी दी श्रद्धांजलि

इसके अलावा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा कि, “साल 2019 में पुलवामा में हुए आतंकी हमले में अपना बलिदान देने वाले बहादुर जवानों के प्रति मैं अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। यह देश वीरगति को प्राप्त हुए इन जवानों के साहस और बलिदान को नमन करता है। उनके परिवारों के साथ पूरा देश मज़बूती के साथ खड़ा है।”

Sanjucta Pandit
लेखक के बारे में
Sanjucta Pandit

सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

मैं संयुक्ता पंडित वर्ष 2022 से MP Breaking में बतौर सीनियर कंटेंट राइटर काम कर रही हूँ। डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन और बीए की पढ़ाई करने के बाद से ही मुझे पत्रकार बनना था। जिसके लिए मैं लगातार मध्य प्रदेश की ऑनलाइन वेब साइट्स लाइव इंडिया, VIP News Channel, Khabar Bharat में काम किया है। पत्रकारिता लोकतंत्र का अघोषित चौथा स्तंभ माना जाता है। जिसका मुख्य काम है लोगों की बात को सरकार तक पहुंचाना। इसलिए मैं पिछले 5 सालों से इस क्षेत्र में कार्य कर रही हुं। View all posts by Sanjucta Pandit →
Follow Us :GoogleNews