सीएम योगी की बंगाल में ताबड़तोड़ रैलियां, TMC पर बोला तीखा हमला, ममता बनर्जी के शासन को बताया ‘अराजकता का काल’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गरबेटा में चुनावी जनसभा को संबोधित कर टीएमसी पर तीखा हमला बोला है। इतना ही नहीं सीएम योगी ने ममता बनर्जी के 15 साल के शासन को 'अराजकता का काल' बताया है। उन्होंने महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना साधा है।
CM Yogi Adityanath

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आ गया है। सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच, बंगाल में चुनाव को लेकर भाजपा ताबड़तोड़ रैलियां कर रही है। सोमवार, 20 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिंगला, जॉयपुर और गरबेटा में जनसभाएं कर तृणमूल कांग्रेस की सरकार पर जमकर हमला बोला है।

गरबेटा में जनसभा को संबोधित कर सीएम योगी ने टीएमसी सरकार पर आरोपों की झड़ी लगा दी है। इतना ही नहीं अपनी रैली में सीएम ने महिला आरक्षण मुद्दे पर भी टीएमसी को घेरा। सीएम योगी ने कहा कि ममता दीदी को हिंदुओं व जय श्रीराम के उद्घोष से चिढ़ है। जिस तरह उन्होंने संसद में आधी आबादी को मिलने वाले हक का विरोध किया है ऐसे ही उन्होंने नागरिकता संशोधन बिल के दौरान भी किया था।

सीएम योगी ने ममता बनर्जी के शासन को बताया ‘अराजकता का काल’

मुख्यमंत्री योगी ने ममता बनर्जी के 15 साल के शासन को अराजकता का काल करार दिया। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि टीएमसी के गुंडे और माफिया अपनी गिनती शुरू कर दें, क्योंकि 4 मई के बाद बंगाल की धरती पर भी ‘यूपी मॉडल’ लागू होगा। इतना ही नहीं सीएम योगी ने कहा कि टीएमसी के गुंडों को याद रखना। जब बंगाल में डबल इंजन वाली भाजपा सरकार आएगी, तो इन माफियाओं पर वैसे ही बुलडोजर चलेंगे जैसे यूपी में चलते हैं। गरबेटा विधानसभा क्षेत्र के लोगों का अटूट विश्वास इस जनता जनार्दन का बता रहा है कि यहां हर बूथ पर सुरक्षा और सुशासन का कमल खिलने वाला है।

सीएम योगी ने जनसभा में कहा कि टीएमसी की अराजकता से आजाद होकर, बंगाल अब डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में खुशहाली और सुशासन की नई परिभाषा लिखने के लिए तैयार है। गरबेटा विधानसभा क्षेत्र लोगों की विरासत को बचाते हुए विकास का कमल खिलाने के लिए तैयार है।

योगी ने कहा कि मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद राज्य में कानून का राज होगा। आपको तय करना है कि आपको डर चाहिए या सुरक्षा, भ्रष्टाचार चाहिए या विकास, दादागिरी चाहिए या लोकतंत्र? बदलाव का समय आ गया है।

नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक पर बोले मुख्यमंत्री योगी

नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने इस बिल पर लोकसभा में विपक्षी दलों के रुख की निंदा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के पैरोकारों ने यह संशोधन विधेयक पास नहीं होने दिया। यह देश की आधी आबादी का अपमान है, माता-बहनें इसे किसी रूप में बर्दाश्त नहीं करेंगी। विपक्ष को खासकर टीएमसी को जिसने इस बिल को गिराने में कोई कसर नहीं छोड़ी, देश की महिलाएं इस गलती की सजा जरूर देंगी। विपक्ष ने इस बिल का विरोध करके बहुत बड़ी गलती कर दी है जिसका खामियाजा अब उनको भुगतना होगा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews