Hindi News

वोटर लिस्ट में कैसे आई ब्राजील की महिला? बीजेपी करती है ‘वोट चोरी’, महारैली के मंच से राहुल-प्रियंका का मोदी सरकार पर हमला

Written by:Shyam Dwivedi
Last Updated:
दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस आज "वोट चोरी" के आरोपों को लेकर महारैली कर रही है। पार्टी का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियां हो रही हैं और सरकार और चुनाव आयोग की मिलीभगत से लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है।
वोटर लिस्ट में कैसे आई ब्राजील की महिला? बीजेपी करती है ‘वोट चोरी’, महारैली के मंच से राहुल-प्रियंका का मोदी सरकार पर हमला

एक ओर जहां देश के 12 राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है तो वहीं दूसरी ओर दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस आज “वोट चोरी” के आरोपों को लेकर महारैली कर रही है। कई राज्यों के पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रैली में शामिल हुए हैं। राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित अन्य दिग्गज नेता मंच पर उपस्थित हैं। पार्टी का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियां हो रही हैं और सरकार और चुनाव आयोग की मिलीभगत से लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है।

पूरा देश देख रहा है कि वे चोरी से जीतते हैं- प्रियंका गांधी

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद में मुश्किल से एक सेशन में एक या दो डिबेट होती हैं। जब राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने इसका मुद्दा उठाया कि हम EVM से वोट कैसे चुराए जा रहे हैं, इस पर डिबेट करना चाहते हैं, तो वे डर गए और इस बात को मानने से इंकार कर दिया। फिर वे आखिरी में कैसे मान गए?

उन्होंने कहा कि हम वंदे मातरम पर भी चर्चा करेंग। मैं उन्हें चैलेंज करती हूं कि फेयर इलेक्शन लड़ें। उन्हें बैलेट पेपर पर लड़ने दें और वे खुद जानते हैं कि वे कभी नहीं जीतेंगे। आज आपको निराश होने की जरूरत नहीं है कि हम बिहार इलेक्शन हार गए। क्योंकि पूरा देश देख रहा है कि वे चोरी से जीतते हैं।

चुनाव आयोग पर हमें भरोसा नहीं- प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज बीजेपी को चुनाव आयोग की जरूरत है, क्योंकि उसके बिना नरेंद्र मोदी चुनाव नहीं जीत सकते। हमें चुनाव आयोग के तीन अधिकारियों के नाम नहीं भूलने हैं ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी। ये लोग लोकतंत्र पर वार कर रहे हैं। इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है, जब पूरा विपक्ष कह रहा है कि चुनाव आयोग पर हमें भरोसा नहीं रहा। चुनाव प्रकिया के हर कदम को चुनाव आयोग ने संदिग्ध बना दिया है। आज देश की हर संस्था को मोदी सरकार ने अपने सामने झुका दिया है।

महारैली में राहुल गांधी का RSS पर हमला

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महारैली के मंच से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ RSS पर निशाना साधा। उन्होंंने कहा कि RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का बयान सुनिए उनका कहना है कि दुनिया सच को नहीं बल्कि शक्ति को देखता है। जिसके पास शक्ति है उसे माना जाता है। यही मोहन भागवत और RSS की सोच है। उन्होंने कहा कि हमारी, भारत की और दुनिया के हर धर्म की सोच कहती है कि सच सबसे जरूरी है।

कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि मोहन भागवत कहते हैं कि सच का कोई मतलब नहीं है, ताकत जरूरी है। मैं इस मंच से आपको गारंटी देता हूं आप देखेंगे, सच का साथ देकर, सच के पीछे खड़े होकर, हम नरेंद्र मोदी और अमित शाह और RSS की सरकार को भारत से हटा देंगे।

बीजेपी ‘वोट चोरी’ करती- राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि बीजेपी ‘वोट चोरी’ करती हैं। चुनाव के दौरान 10 हजार रुपये दिए गए। भारत का चुनाव आयोग बीजेपी के साथ मिलीभगत करके काम कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानून बदल दिया ताकि चुनाव आयुक्त के खिलाफ कोई कार्रवाई न हो सके, चाहे वह कुछ भी करे।

वोटर लिस्ट में कैसे आई ब्राजील की महिला?

राहुल गांधी ने एक बार फिर ब्राजील की मॉडल का जिक्र किया। उन्होंन कहा कि हमने आरोप लगाए कि वोटर लिस्ट में ब्राजील की महिला कैसे हो सकती है? एक घर में 500-600 वोटर कैसे हो सकते हैं? UP के नेता हरियाणा में वोट कैसे डाल सकते हैं? हमें इस बारे में कोई जवाब नहीं मिला। जब अमित शाह इस बारे में संसद में सफाई दे रहे थे तो उनके हाथ कांप रहे थे। वे तभी तक बहादुर हैं जब तक वे सत्ता में हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इसमें थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन भारत में सच्चाई की जीत होगी। हम सच्चाई के रास्ते पर चलते हैं और हम उन्हें सत्ता से हटा देंगे। पीएम मोदी का भरोसा डगमगा गया है क्योंकि उन्हें पता है कि उनकी वोट चोरी पकड़ी गई है। वोट चोरी भारत के संविधान पर सबसे बड़ा हमला है। अगर उन्होंने वोट चोरी नहीं की होती तो आप उन्हें 5 मिनट में सत्ता से हटा देते।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews