MP Breaking News

दिल्ली बिल्डिंग हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत, केजरीवाल ने सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप, राहुल गांधी बोले- हर छात्र की जान कीमती

दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने से अब तक 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि 9 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है और बचाव अभियान जारी है। हादसे के बाद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। राहुल गांधी, पीएम मोदी और अमित शाह ने भी घटना पर दुख जताया है।
Delhi Building Collapse

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन इलाके में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत की खबर है जबकि जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। अभी तक 9 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। घटनास्थल पर रेस्क्यू का काम जारी है।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि स्थानीय स्तर पर जांच से पता चला कि यह 40-50 साल पुरानी बिल्डिंग थी, जिसमें एक बेसमेंट और पांच ऊपरी मंजिलें थीं। इस बिल्डिंग का इस्तेमाल PG के तौर पर किया जाता था। जब यह हादसा हुआ तब बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था।

सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर NDRF के इंस्पेक्टर जनरल एनएस बुंदेला ने बताया कि NDRF की दो टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और अभी वहां काम कर रही हैं। दोनों टीमों में करीब 70 लोग हैं। हम अपने खोजी कुत्तों, कटिंग इक्विपमेंट और तकनीकी उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। इसके अलावा, हमने पास के स्थान पर दो टीमों को रिजर्व में रखा है। जरूरत पड़ने पर रोटेशन, रिप्लेसमेंट या अतिरिक्त सहायता के लिए इन दोनों टीमों को तुरंत मौके पर भेजा जा सकता है।

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार पर लगाया आरोप

बता दें कि अब इस घटना पर सियासी संग्राम शुरू हो गया है। इस हादसे पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल का बयान सामने आया है। उन्होंने दिल्ली सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हादसे की उ​च्चस्तरीय जांच की मांग की है।

अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा है कि सत्य निकेतन, दिल्ली में इमारत गिरने का हादसा अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। मेरी भगवान से प्रार्थना है कि मलबे में फंसे लोगों का सकुशल और जल्द रेस्क्यू हो जाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में सरकार की लापरवाही के कारण अब तक कई हादसे हो चुके हैं। सरकार को नींद से जागना होगा। बड़े स्तर पर एक्शन लेकर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत है।

राहुल गांधी ने भी इस घटना पर जताया दुख

वहीं लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की खबर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। कई लोगों के बर्बादी में दबे होने की खबर है जिनमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई छात्र भी शामिल हैं। कांग्रेस सांसद ने अपील है कि NDRF, दिल्ली फायर सर्विस और सभी बचाव दल हर संभव प्रयास करके हर एक छात्र तक पहुंचे। घायलों को तुरंत सर्वोत्तम संभव इलाज मिले, ताकि किसी को भी बचाने में कोई कसर न छोड़ी जाए।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता मौके पर मौजूद हैं और हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। इस मुश्किल घड़ी में हम सभी उनके परिवारों के साथ खड़े हैं। छात्रों का जीवन पहले ही संघर्षों से भरा था। अब परिस्थितियां मार रही हैं। कॉलेज या यूनिवर्सिटी में अच्छे हॉस्टल न होने के कारण छात्र PG में एक छत के नीचे 40-40 की संख्या में अमानवीय परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं। हर छात्र की जान कीमती है और उसकी रक्षा हर हाल में होनी चाहिए।

पीएम मोदी और अमित शाह ने भी जताया दुख

बता दें कि दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए इस हादसे पर पीएम मोदी और अमित शाह ने भी दुख जताया है। पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के सत्य निकेतन में एक इमारत गिरने की घटना दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारी मौके पर काम कर रहे हैं और हादसे में प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं।

वहीं अमित शाह ने कहा कि दिल्ली के सत्य निकेतन में एक बिल्डिंग गिरने से बहुत दुखी हूं। मुख्यमंत्री, दिल्ली के पुलिस कमिश्नर और NDRF के डायरेक्टर जनरल से बात की और ज़मीनी हालात का जायज़ा लिया। स्थानीय प्रशासन और NDRF मिलकर बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। घायलों को सभी ज़रूरी मेडिकल मदद दी जा रही है। सभी घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।

सीएम रेखा गुप्ता ने लिया घटनास्थल का जायजा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंची और मौके का जायजा लिया। इसके बााद रेखा गुप्ता सीधा दिल्ली एम्स पहुंची जहां घायलों का हाल जाना। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सत्य निकेतन, आरके पुरम में बिल्डिंग गिरने की घटना से उन्हें दुख हुआ है। DDMA, NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं। हालात पर करीब से नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियां ​​मिलकर काम कर रही हैं। हर नागरिक की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
दिल्ली बिल्डिंग हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत, केजरीवाल ने सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप, राहुल गांधी बोले- हर छात्र की जान कीमती - MP Breaking News