Hindi News

Delhi Election 2025: PM Modi का AAP पर तंज, बोले- दिल्ली में वोटिंग से पहले ही झाड़ू के तिनके बिखर रहे हैं

Written by:Atul Saxena
Published:
पीएम मोदी ने कहा 8 फरवरी को दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी, 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है, 8 मार्च तक, दिल्ली की बहनों के खातों में 2,500 रुपया पहुंचना शुरू हो जाएगा।
Delhi Election 2025: PM Modi का AAP पर तंज, बोले- दिल्ली में वोटिंग से पहले ही झाड़ू के तिनके बिखर रहे हैं

Delhi Election 2025: दिल्ली में मतदान में अब कुछ दिन बचे हैं और सभी पार्टियाँ अपनी पूरी ताकत झोंक रही हैं, इंडी गठबंधन से अलग होने के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक दूसरे पर निशाना साध रही हैं तो वहीं भाजपा के निशाने पर भी आम आदमी पार्टी और उनकी सरकार है। कांग्रेस और भाजपा के अलावा अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी इस बार अपने ही नेताओं ने निशाने पर हैं हाल ही में उनके आठ विधायकों ने इस्तीफा देकर उन्हें तगड़ा झटका दिया है, इधर प्रधानमंत्री मोदी ने भी आप पर कड़ा हमला किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली में आरके पुरम में एक विशाल आमसभा को संबोधित किया, उन्होंने आम आदमी पार्टी को निशाने पर लेते हुए उसके एक एक झूठे वादे को बेनकाब किया। उन्होंने कहा कि हमेशा झूठ बोलने वाले अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी अब इतनी घबरा गई है कि हर घंटे झूठी घोषणाएं कर रहे हैं, मोदी ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया।

5 फरवरी को दिल्ली में विकास का नया बसंत आने वाला है

पीएम मोदी ने कहा आज बसंत पंचमी का पावन अवसर है, आप सभी को बसंत पंचमी की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, मेरी कामना है, मां सरस्वती का आशीर्वाद दिल्लीवासियों पर, देशवासियों पर हमेशा बना रहे। बसंत पंचमी के साथ ही मौसम बदलना शुरू हो जाता है। तीन दिन बाद, 5 फरवरी को दिल्ली में विकास का नया बसंत आने वाला है। इस बार दिल्ली में भाजपा सरकार बनने जा रही है। इस बार पूरी दिल्ली कह रही है, अबकी बार भाजपा सरकार।

हमें ऐसी डबल इंजन सरकार बनानी है जो बहाने ना बनाये  

मोदी ने कहा दिल्ली की AAP-दा पार्टी ने यहां के 11 साल बर्बाद कर दिए हैं। मेरी दिल्ली के हर परिवार से प्रार्थना है कि राज्य में हमें आप सबकी, दिल्लीवासियों की सेवा का मौका जरूर दें। मैं गारंटी देता हूं कि आपकी हर मुसीबत, हर परेशानी को समाप्त करने के लिए खप जाऊंगा। गरीब हो या मिडिल क्लास, हर परिवार का जीवन खुशहाल हो, ऐसी डबल इंजन सरकार दिल्ली को मिलेगी। हमें ऐसी डबल इंजन सरकार बनानी है जो लड़ाई-झगड़े की बजाय, दिल्ली के लोगों की सेवा करे। जो बहाने बनाने की बजाय, दिल्ली को बनाने-सजाने में ऊर्जा लगाए। आपने आने वाले पांच साल के लिए केंद्र में भाजपा की पक्की सरकार बना ली है, अब गलती से भी यहां AAP-दा सरकार नहीं आनी चाहिए, जो दिल्ली के पांच और साल बर्बाद कर दे।

दिल्ली में वोटिंग से पहले ही झाड़ू के तिनके बिखर रहे हैं

दो दिन पहले आम आदमी पार्टी के आठ विधायकों द्वारा पार्टी छोड़ने पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा हम देख रहे हैं कैसे  दिल्ली में वोटिंग से पहले ही झाड़ू के तिनके बिखर रहे हैं। AAP-दा के लीडर्स, उसे छोड़कर जा रहे हैं, ये जान चुके हैं कि ग्राउंड पर जनता AAP-दा से कितनी नाराज है, कितनी नफरत करते हैं। दिल्ली के लोगों के गुस्से से आप-दा  पार्टी तनी घरबा गई है कि हर घंटे उसके नेता झूठी घोषणा कर रहे हैं अब इनका नकाब उतर चुका है।

ये भाजपा ही है, जो मिडिल क्लास को सम्मान देती है

मोदी ने कहा मैंने विकसित भारत के निर्माण के लिए चार स्तंभों को मजबूत करने की गारंटी देश को दी थी। ये स्तंभ हैं- गरीब, किसान, नौजवान और नारीशक्ति। कल जो बजट आया है, वो मोदी की ऐसी ही गारंटियों को पूरा करने की गारंटी है। कल बजट आने के बाद से पूरा मिडिल क्लास कह रहा है कि ये बजट, भारत के इतिहास में मिडिल क्लास के लिए सबसे फ्रेंडली बजट है। हमारी सरकार ने 12 लाख रुपए तक की आमदनी पर इनकम टैक्स पूरी तरह जीरो कर दिया है। इससे मध्यम वर्ग के लोगों के हजारों रुपए बचेंगे। हिंदुस्तान के विकास में हमारे मिडिल क्लास का बहुत बड़ा योगदान है। ये भाजपा ही है, जो मिडिल क्लास को सम्मान देती है, ईमानदार टैक्सपेयर्स को पुरस्कार देती है।

बजट के बहाने नेहरु और इंदिरा गांधी पर मोदी का निशाना 

कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए मोदी ने कहा, अगर नेहरू जी के जमाने में आप 12 लाख रुपये कमाते तो 12 लाख रुपये की आय पर आपकी एक चौथाई सैलरी सरकार वापस ले लेती। अगर आज इंदिरा जी का जमाना होता तो 12 लाख रुपये तक की आय पर आपके 10 लाख रुपये टैक्स में चले जाते। 10-12 साल पहले तक, कांग्रेस की सरकार में अगर आप 12 लाख रुपये कमाते तो आपको 2 लाख 60 हजार रुपया टैक्स देना होता। भाजपा सरकार के कल के बजट के बाद, साल में 12 लाख कमाने वाले को एक रुपया भी टैक्स नहीं देना पड़ेगा।

जिन्होंने दिल्ली को लूटा है, उनको लौटाना ही पड़ेगा

आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, ये AAP-दा वाले तो आपके इलाज, आपके अस्पताल और आपकी दवाओं में भी घोटाला करते हैं। मैं दिल्लीवासियों को वादा करता हूं, जिन्होंने दिल्ली को लूटा है, उनको लौटाना ही पड़ेगा। भाजपा सरकार द्वारा जनऔषधि केंद्रों पर पहले ही दवाएं 80 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जा रही हैं। अब कल के बजट के बाद कैंसर की, गंभीर बीमारी की 30 से ज्यादा दवाएं और सस्ती हो जाएंगी।

कॉमनवेल्थ घोटाले के दाग से कांग्रेस कभी मुक्त नहीं हो सकती

प्रधानमंत्री ने कहा, दिल्ली के लोग कभी भूल नहीं सकते कि खेलों के नाम पर किस तरह AAP-दा और कांग्रेस ने दिल्ली के लोगों को धोखा दिया है। कॉमनवेल्थ घोटाले के दाग इतने गहरे हैं कि कांग्रेस कभी उससे मुक्त नहीं हो सकती। AAP-दा पार्टी ने दिल्ली में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के नाम पर जो खेल किया है, वो दिल्ली की जनता, दिल्ली का नौजवान भली भांति जानता है।इसलिए आज का युवा भारत, भाजपा पर भरोसा करता है, भाजपा के साथ है।

8 फरवरी को दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी

पीएम मोदी ने कहा 8 फरवरी को दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी, 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है, 8 मार्च तक, दिल्ली की बहनों के खातों में 2,500 रुपया पहुंचना शुरू हो जाएगा। इतना ही नहीं, बहनों को सस्ता सिलेंडर भी मिलेगा और पाइप से गैस पहुंचाने का काम भी तेज होगा। दिल्ली के बहनों के घर में भाजपा सरकार नल से शुद्ध जल भी पहुंचाएगी और ये मोदी की गारंटी है।

 

 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews