Hindi News

राशन कार्ड धारकों को बड़ा तोहफा, होली-दिवाली पर मुफ्त मिलेगा सिलेंडर, खाते में आएंगे 853 रुपये

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने अपने कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर बड़ा ऐलान किया है। राजधानी के 17.5 लाख राशन कार्डधारकों को होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर दिया जाएगा। इसके लिए लाभार्थियों के खाते में सीधे 853 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
राशन कार्ड धारकों को बड़ा तोहफा, होली-दिवाली पर मुफ्त मिलेगा सिलेंडर, खाते में आएंगे 853 रुपये

नई दिल्ली: त्योहारों से पहले दिल्ली सरकार ने राजधानी के गरीब परिवारों को एक बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया कि करीब 17.5 लाख राशन कार्डधारकों को होली और दिवाली पर एक-एक मुफ्त LPG सिलेंडर दिया जाएगा। यह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों में से एक था।

सरकार के इस फैसले से लाखों परिवारों को महंगाई से राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार ने इस योजना के लिए 242 करोड़ रुपये के बजट को भी मंजूरी दे दी है। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी जाएगी, जिससे हर पात्र परिवार को 853 रुपये मिलेंगे।

सरकार ने पूरा किया अपना वादा: सीएम रेखा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस फैसले को अपनी सरकार की एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सरकार अपने सभी वादे पूरे करने के लिए प्रतिबद्ध है।

“दिल्ली के परिवारों को बधाई। हम आज एक वादा पूरा कर रहे हैं। होली और दीवाली के मौके पर मुफ्त सिलिंडर मिलेगा। इसके लिए 242 करोड़ रुपये का फंड कैबिनेट ने पास किया है। राशन कार्ड होल्डर्स को सिलिंडर का पैसा यानी 853 रुपये डीबीटी के जरिए भेजा जाएगा।”- रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री, दिल्ली

सीएम ने यह भी कहा कि सरकार अपने घोषणापत्र में किए गए अन्य सभी वादों को भी इसी तरह चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी।

‘विकसित विधानसभा’ से ‘विकसित दिल्ली’ का लक्ष्य

इस योजना के ऐलान के साथ ही मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ‘विकसित दिल्ली’ के अपने विजन को भी साझा किया। उन्होंने लिखा, “विकसित दिल्ली का निर्माण हर विधानसभा से शुरू हो रहा है। हर विधानसभा के लिए करोड़ों रुपये के फंड जारी किए जा रहे हैं, ताकि बुनियादी सुविधाएं मजबूत हों, इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित हो और नागरिकों को बेहतर, सुगम और सम्मानजनक सुविधाएं मिल सकें। विकसित विधानसभा ही विकसित दिल्ली की नींव है।”

चंद्रावल वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम तेज

पेयजल की समस्या को लेकर भी सरकार ने एक अहम जानकारी दी। सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि चंद्रावल का नया वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट 2026 में शुरू हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 2012 से पिछली सरकारों ने इस प्रोजेक्ट को बार-बार लटकाया, जिसकी वजह से इसका बजट लगभग 400 करोड़ रुपये बढ़ गया।

यह प्लांट केंद्र सरकार के सहयोग से पूरा किया जा रहा है और इसके लिए केंद्रीय बजट में अलग से प्रावधान भी है। सीएम ने कैबिनेट सहयोगी प्रवेश साहिब सिंह और जल विभाग के अधिकारियों के साथ प्रोजेक्ट की समीक्षा की और इसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस प्लांट से मॉडल टाउन, चांदनी चौक, करोल बाग और आरके पुरम समेत कई विधानसभा क्षेत्रों के 30 लाख से अधिक लोगों को स्वच्छ पेयजल मिलेगा।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !