देवेंद्र यादव का हमला: ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’ सिर्फ दिखावा, सफाई पर सरकार फेल

देवेंद्र यादव का हमला: ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’ सिर्फ दिखावा, सफाई पर सरकार फेल

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’ विशेष स्वच्छता अभियान को लेकर बीजेपी सरकार और दिल्ली नगर निगम पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था एक दिन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे साल चलने वाला काम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के हर कोने में फैली गंदगी और जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर सरकार की विफलता का साफ सबूत हैं।

देवेंद्र यादव ने सवाल किया कि छह महीने पहले आम आदमी पार्टी से सत्ता लेने के बाद भी बीजेपी सरकार क्यों दिल्ली को कूड़े से मुक्त नहीं कर पाई? उन्होंने कहा कि क्या ये अभियान सिर्फ एक फोटो-ऑप और मीडिया कवरेज तक ही सीमित रहेगा?

स्वच्छ भारत अभियान पर भी उठाए सवाल

देवेंद्र यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘स्वच्छ भारत अभियान’ को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत 2014 में हुई थी, लेकिन 11 साल बाद भी देश के हालात वही हैं। बीजेपी के नेता झाड़ू लेकर फोटो तो खिंचवाते रहे, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि इस अभियान में जनता के टैक्स का करोड़ों रुपये खर्च हुए, लेकिन न तो शहर साफ हुए और न ही कोई पारदर्शी हिसाब सामने आया।

AAP और बीजेपी दोनों जिम्मेदार

कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली में सफाई व्यवस्था की बदहाली की जिम्मेदारी सिर्फ बीजेपी की नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी की भी है। 15 सालों तक निगम पर बीजेपी का कब्जा रहा और अब कुछ समय से फिर सत्ता में है। वहीं आप ने भी सत्ता में रहते हुए वादे तो किए, लेकिन कूड़े के पहाड़ों को हटाने के बजाय और ऊंचा कर दिया।

उन्होंने कहा कि आज भी कई इलाकों में गलियों और नालियों की सफाई नहीं होती, रविवार या छुट्टी के दिन तो सफाई बिल्कुल बंद रहती है। यही वजह है कि सरकार को हर बार “विशेष स्वच्छता अभियान” का ढोंग करना पड़ता है।

बढ़ते मलेरिया और डेंगू से दिख रही सफाई व्यवस्था की सच्चाई

देवेंद्र यादव ने राजधानी में बढ़ते मलेरिया और डेंगू के मामलों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी बारिश के बाद नालियों की सफाई नहीं की गई। न तो गाद निकाली गई, न ही जलभराव की समस्या का समाधान हुआ। अस्पतालों में मलेरिया और डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो दिखाता है कि सरकार की सफाई व्यवस्था पूरी तरह फेल है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सफाई को इवेंट बनाकर पेश कर रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि जगह-जगह कूड़े के अंबार और लैंडफिल साइट के कूड़े के पहाड़ अभी भी जस के तस हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews