चुनाव आयोग ने 6 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का किया ऐलान, दो चरणों में होगा मतदान, देखें शेड्यूल

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा समेत 6 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। ये सभी सीटें मौजूदा विधायकों के निधन के कारण खाली हुई हैं। मतदान दो चरणों में 9 अप्रैल और 23 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।
Election Commission

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने देश के छह राज्यों में फैली आठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। ये उपचुनाव महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में होंगे। आयोग के अनुसार, सभी सीटें तत्कालीन विधायकों के निधन की वजह से रिक्त हुई हैं, जिन पर अब नए जनप्रतिनिधि चुने जाएंगे।

मतदान की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण का मतदान 9 अप्रैल को होगा, जबकि दूसरे चरण के लिए 23 अप्रैल की तारीख तय की गई है। सभी सीटों के नतीजे एक साथ 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

पहले चरण में इन 5 सीटों पर होगा मतदान

चुनाव आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, पहले चरण में चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा। इन सीटों में शामिल हैं:

  • गोवा: पोंडा
  • कर्नाटक: बागलकोट और देवनगर साउथ
  • नगालैंड: कोरिडांग
  • त्रिपुरा: धर्मनगर

इन सीटों के लिए नोटिफिकेशन जारी हो चुका है और नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 23 मार्च थी। 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च है।

महाराष्ट्र और गुजरात में दूसरे चरण में चुनाव

दूसरे चरण में महाराष्ट्र की दो और गुजरात की एक विधानसभा सीट पर मतदान होगा। इन सीटों पर 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। महाराष्ट्र की बारामती और रहूरी सीट के अलावा गुजरात की उमरेठ सीट पर इस चरण में चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।

इन तीन सीटों के लिए अधिसूचना 30 मार्च को जारी होगी। उम्मीदवार 6 अप्रैल तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को होगी और 9 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि बारामती सीट पर होने वाला उपचुनाव काफी अहम माना जा रहा है। अजित पवार के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार, जो अब उपमुख्यमंत्री हैं, का इस सीट से चुनाव लड़ना लगभग तय है।

सभी उपचुनावों की मतगणना 4 मई को होगी, जिसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि इन आठ सीटों पर जनता किसे अपना नया विधायक चुनती है।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews