अरविंद केजरीवाल समेत आप नेताओं पर FIR, बंगला साहिब गुरुद्वारे में नारेबाजी और भ्रामक वीडियो का आरोप

बंगला साहिब गुरुद्वारे में प्रदर्शन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने धार्मिक स्थल पर राजनीतिक नारेबाजी और घटना से जुड़े वीडियो प्रसारित किए जाने पर शिकायत दर्ज कराई है।
Arvind Kejriwal

Arvind Kejriwal

दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारे में कथित प्रदर्शन और घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है। कमेटी ने आरोप लगाया है कि गुरुद्वारे के परिसर में राजनीतिक नारेबाजी की गई और बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के जरिए पूरे घटनाक्रम को भ्रामक तरीके से पेश किया गया।
कमेटी की शिकायत के मुताबिक, 10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जा रहे कुछ लोग बंगला साहिब गुरुद्वारे पहुंचे थे। कमेटी का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद कुछ लोगों ने अपने बैग से पोस्टर निकाले और परिसर में राजनीतिक नारेबाजी शुरू कर दी। कमेटी ने इसे गुरुद्वारे की मर्यादा के खिलाफ बताया है।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी ने की शिकायत

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने कहा कि गुरुद्वारे में आने वाले लोगों को लंगर और आश्रय दिया गया था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने परिसर में राजनीतिक गतिविधियां शुरू कर दीं। कमेटी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि घटना के बाद आम आदमी पार्टी के कुछ नेताओं और विधायकों ने वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटनाक्रम को गलत तरीके से पेश किया। कमेटी का कहना है कि इससे गुरुद्वारा प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठे और धार्मिक स्थल को राजनीतिक विवाद में घसीटा गया। इस शिकायत में अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के अन्य नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं के नाम शामिल किए गए हैं।

कमेटी ने इस पूरे घटनाक्रम पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि गुरुद्वारा साहिब प्रार्थना, सेवा और जरूरतमंदों को आश्रय देने का स्थान है। इसका इस्तेमाल राजनीतिक गतिविधियों के लिए नहीं किया जाना चाहिए। कमेटी ने पुलिस से वीडियो फुटेज की जांच कर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर 

कमेटी ने 11 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस आयुक्त के नाम संसद मार्ग थाने में इस मामले से संबंधित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। मामले में गुरुद्वारे के भीतर कथित नारेबाजी और घटना के बाद प्रसारित वीडियो की भूमिका की जांच की जा रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews