अयोध्या एयरपोर्ट पर सबसे पहले लैंड करेगी इस एयरलाइन्स की फ्लाइट, पीएम मोदी करेंगे हवाई अड्डे का उद्घाटन

Ayodhya Airport

Ayodhya Airport : रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एयरपोर्ट बनाकर तैयार कर दिया गया है। कुछ दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों अयोध्या के एयरपोर्ट का उद्घाटन किया जाने वाला है। बताया जा रहा है कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 30 दिसंबर से देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो अपनी उद्घाटन उड़ान का परिचालन करने वाली है। हालांकि इंडिगो की कमर्शियल सेवा 6 जनवरी से शुरू होगी।

इंडिगो ने दी जानकारी

जानकारी के मुताबिक, कंपनी द्वारा बुधवार को एक बयान जारी किया गया जिसमें लिखा था कि इंडिगो 30 दिसंबर को अयोध्या के मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उद्घाटन उड़ान का परिचालन करेगी। इंडिगो की यह उड़ान राजधानी दिल्ली से अयोध्या पहुंचेगी। इंडिगो अयोध्या हवाई अड्डे से विमान का परिचालन करने वाली पहली एयरलाइन कंपनी होगी। साथ ही 11 जनवरी से अहमदाबाद और अयोध्या के बीच सप्ताह में तीन दिन उड़ानों संचालित की जाएगी।

जल्द पूरी होगी तकनिकी जांच की प्रक्रिया

इतना ही नहीं सिविल एविएशन मिनिस्टर ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इस महीने के अंत तक तैयार हो जाएगा और इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। गौरतलब है कि अयोध्या में बनाए गए एयरपोर्ट को आधुनिक तकनीकों से लेस बनाया गया है। अभी कुछ उपकरणों का कैलीब्रेशन का काम चल रहा है। वहीं सभी चीजों का ट्रायल लिया जा रहा है। सभी तकनिकी जांच की प्रक्रिया 15 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews