
demo pic
Government Employees Holiday : ओडिशा सरकार ने राज्य की 28 लोकसभा और 147 विधानसभा सीटों पर चार चरणों में होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक छुट्टी की घोषणा की है।लोकसभा और विधानसभा चुनावों में लगे सरकारी कर्मचारियों को एक दिन का विशेष अस्थायी अवकाश मिलेगा। इसके अलावा अपने मुख्यालय से दूर स्थानों पर मतदान करने जा रहे सरकारी कर्मचारियों को दो दिन का विशेष अस्थायी अवकाश मिलेगा।
जारी अधिसूचना में कहा गया है ओडिशा सरकार ने लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले सरकारी ऑफिस और मजिस्ट्रेट अदालतों (कार्यकारी) के कर्मचारियों के लिए 13 मई (सोमवार), 20 मई (सोमवार), 25 मई (शनिवार) और एक जून (शनिवार) को छुट्टी की घोषणा की है, ताकि सभी कर्मचारी अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।
पंजाब में भी सवैतिक अवकाश घोषित
- पंजाब में काम करने वाले पड़ोसी राज्यों के निवासियों को भी विशेष छुट्टी देने की घोषणा की गई है। इसके तहत जम्मू-कश्मीर व राजस्थान के वोटरों के लिए 19 अप्रैल व हिमाचल प्रदेश और यूटी चंडीगढ़ के वोटरों के लिए एक जून को अवकाश की घोषणा की गई है।
- इस दौरान पंजाब के सरकारी दफ्तरों, बोर्डों-कारपोरेशनों और सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में काम करने वाले राजस्थान और जम्मू कश्मीर के सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी वोट डालने के लिए अपना वोटर कार्ड पेश करके संबंधित अथॉरिटी से 19 अप्रैल की विशेष छुट्टी ले सकेंगे।इस दौरान वेतन नहीं काटा जाएगा।
- पंजाब के किसी भी औद्योगिक संस्थान, कारोबार, व्यापार या किसी भी अन्य संस्थान में काम करने वाले यूटी चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के वोटरों को भी वोट डालने के लिए सवैतनिक छुट्टी घोषित की गई है।
हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं के लिए सवैतनिक अवकाश
- हिमाचल में अंतिम चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव को लेकर आगामी एक जून को राजपत्रित अवकाश घोषित किया गया है।सरकार की तरफ से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि लाहुल-स्पीति और चंबा जिला के सीमावर्ती क्षेत्रों में काम करने वाले जम्मू-कश्मीर और सिरमौर व सोलन के सीमावर्ती क्षेत्रों में काम करने वाले उत्तराखंड के मतदाताओं को आगामी 19 अप्रैल को विशेष भुगतान अवकाश रहेगा।
- हिमाचल के सीमावर्ती क्षेत्रों में काम करने वाले यूपी के मतदाताओं को भी अवकाश का लाभ मिलेगा ।इसके अलावा हिमाचल बॉर्डर एरिया में काम करने वाले लद्दाख के मतदाताओं को आगामी 20 मई को विशेष भुगतान अवकाश होगा।
यूपी-राजस्थान इन जिलों में भी अवकाश घोषित
- यूपी सहारनपुर में लोकसभा चुनाव में मतदान के दिन मतदाताओं का लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135ख के तहत सवैतनिक अवकाश रहेगा। किसी व्यवसाय, औद्योगिक उपक्रम या किसी अन्य स्थापन में नियोजित प्रत्येक मतदाता मतदान करने के हकदार है। अवकाश मंजूर किए जाने के कारण किसी भी मतदाता की मजदूरी से कोई कटौती नहीं की जाएगी।
- यूपी के बरेली जिले में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा। साथ ही कारखाना भी बंद रहेंगे। मतदान के लिए अवकाश लेने वालों श्रमिकों से अवकाश के चलते अगर वेतन कटौती की जानकारी मिलेगी तो नियमानुसार कार्रवाई भी कारखाना संचालक के खिलाफ की जाएगी।
- गौतमबुद्धनगर में आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान के दिन यानी 26 अप्रैल को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। मतदान के दिन जिले की सभी कंपनी, फैक्ट्री, दुकान, बाजार बंद रहेंगे।
- बदायूं में तीसरे चरण में सात मई को मतदान होगा।उप्र शासन के प्रमुख सचिव ने चुनाव में मतदान के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। ऐसे में सात मई को क्षेत्र में सभी दुकान व वाणिज्यिक अधिष्ठान बंद रहेंगे। ऐसे में कर्मचारियों से काम नहीं लिया जाएगा ।
- राजस्थान में अजमेर संसदीय क्षेत्र की जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर डा. भारती दीक्षित ने एक आदेश जारी कर अजमेर-ब्यावर-केकड़ी जिले में जिन विद्यालय में मतदान केंद्र स्थापित हो रहे वहां पर दो दिन के स्थानीय अवकाश घोषित किया है।
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

