केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सीधा और बड़ा हमला बोला है। पुडुचेरी के कराईकल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी ने झूठ बोलने की एक नई परंपरा शुरू कर दी है, लेकिन देश की जनता अब उनके बहकावे में नहीं आने वाली है।
अमित शाह ने व्यापार समझौतों (Trade Deals) और मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूरोपियन यूनियन, इंग्लैंड और अमेरिका के साथ जो भी व्यापारिक समझौते किए हैं, वे देशहित में हैं। शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इन समझौतों को लेकर देश के मछुआरों और किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
FTA पर किसानों को 100% प्रोटेक्शन
गृह मंत्री ने राहुल गांधी को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि उन्हें ट्रेड डील और FTA की बारीकियों को ध्यान से पढ़ना चाहिए। उन्होंने दावा किया, “पीएम मोदी ने देश के किसानों और पशुपालकों को 100% प्रोटेक्शन देने का काम किया है। इस FTA और ट्रेड डील से हमारे किसानों का कोई नुकसान नहीं होने वाला है।” शाह ने कहा कि किसानों का असली नुकसान तो मनमोहन सिंह की सरकार के समय हुआ था, जब कई वैश्विक समझौतों में किसानों के हितों को बेच दिया गया था।
“राहुल गांधी की नीति है- झूठ बोलो, जोर से बोलो, सार्वजनिक रूप से बोलो और बार-बार बोलो। मगर राहुल गांधी, इस देश की जनता आपकी झूठ मैन्युफैक्चरिंग की फैक्ट्री को पहचान गई है।”- अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री
पुडुचेरी की पूर्व कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप
अमित शाह ने स्थानीय मुद्दों पर बात करते हुए पुडुचेरी की पूर्ववर्ती नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को भी घेरा। उन्होंने CAG रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान 15 हजार करोड़ रुपये की विकास निधि में हेरफेर की गई।
शाह ने तीखे शब्दों में कहा, “वे (कांग्रेस सरकार) केंद्र शासित प्रदेश में गांधी परिवार के लिए एटीएम चला रहे थे। वे भ्रष्टाचार में लिप्त रहे।” उन्होंने कहा कि पहले पुडुचेरी के फैसले दिल्ली से होते थे, लेकिन अब एनडीए सरकार में पुडुचेरी अपने निर्णय खुद ले रहा है। उन्होंने मौजूदा एनडीए सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि यहां राजनीतिक स्थिरता सुनिश्चित की गई है और भ्रष्टाचार को खत्म किया गया है।
‘2029 में भी आपकी बारी नहीं आएगी’
अपने भाषण के अंत में अमित शाह ने पूरे आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि 2029 में भी केंद्र में एनडीए की ही सरकार बनेगी। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, “मैं एक बार फिर से कहता हूं, 2029 में मोदी के नेतृत्व में भाजपा-नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार बनने वाली है, आपकी बारी नहीं आने वाली है।” इस दौरान उन्होंने तमिल भाषा में भाषण न दे पाने पर खेद भी जताया और पुडुचेरी को महर्षि अरबिंदो की भूमि बताया, जिन्होंने भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना देखा था।





