भारत 5 साल बाद चीनी नागरिकों के लिए शुरू करेगा पर्यटक वीजा, फैसले के पीछे की कहानी को समझिए

चीनी नागरिक अब 24 जुलाई से भारत की यात्रा के लिए पर्यटक वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें ऑनलाइन वीजा आवेदन पत्र भरना होगा, प्रिंट करना होगा।
भारत 5 साल बाद चीनी नागरिकों के लिए शुरू करेगा पर्यटक वीजा, फैसले के पीछे की कहानी को समझिए

भारत और चीन के बीच तनावपूर्ण संबंधों में सुधार के प्रयासों के तहत भारत सरकार ने पांच साल बाद चीनी नागरिकों के लिए पर्यटक वीजा फिर से शुरू करने का फैसला किया है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, यह कदम 2020 के गलवान घाटी संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच बिगड़े संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में उठाया गया है। भारतीय दूतावास ने बीजिंग में घोषणा की कि यह प्रक्रिया 24 जुलाई से शुरू होगी।

चीनी नागरिक अब 24 जुलाई से भारत की यात्रा के लिए पर्यटक वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें ऑनलाइन वीजा आवेदन पत्र भरना होगा, प्रिंट करना होगा। भारतीय वीजा आवेदन केंद्र में पासपोर्ट, आवेदन पत्र और अन्य दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करना होगा। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने इस कदम को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि चीन भारत के साथ संचार और परामर्श बनाए रखने के लिए तैयार है ताकि दोनों देशों के बीच लोगों के आदान-प्रदान को बढ़ाया जा सके।

कोविड-19 महामारी के कारण किया बंद 

2020 में कोविड-19 महामारी के कारण भारत ने सभी पर्यटक वीजा निलंबित कर दिए थे। उसी दौरान, चीन ने भी भारतीय नागरिकों और अन्य विदेशियों के लिए वीजा प्रतिबंध लगाए थे लेकिन 2022 में छात्रों और व्यवसायियों के लिए ये प्रतिबंध हटा लिए गए थे। हालांकि, कई भारतीय छात्रों को शारीरिक कक्षाओं के लिए चीन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई थी जिसके जवाब में भारत ने भी चीनी नागरिकों के लिए पर्यटक वीजा रद्द कर दिए थे।

तनाव को समाप्त करने का संकेत

हाल ही में, भारत और चीन ने पूर्वी लद्दाख में देपसांग और डेमचोक जैसे अंतिम घर्षण बिंदुओं से सैनिकों को हटाने की घोषणा की जो चार साल से अधिक समय तक चले तनाव को समाप्त करने का संकेत है। इसके अलावा, दोनों देशों ने जनवरी 2025 से बीजिंग और नई दिल्ली के बीच सीधी वाणिज्यिक उड़ानें फिर से शुरू की गईं। भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए पश्चिमी तिब्बत में कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील की यात्रा को फिर से खोलने का फैसला किया है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews