दिल्ली बीजेपी MLA करनैल सिंह ने KFC, डोमिनोज और McDonald’s को लिखा पत्र, रखी बड़ी मांग

दिल्ली बीजेपी MLA करनैल सिंह ने KFC, डोमिनोज और McDonald’s को लिखा पत्र, रखी बड़ी मांग

देश की राजधानी दिल्ली में शारदीय नवरात्रि की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी बीच बीजेपी विधायक करनैल सिंह ने KFC, डोमिनोज और McDonald’s के क्षेत्रीय अधिकारियों को पत्र लिखकर नवरात्रि के दौरान नॉनवेज भोजन न परोसने की अपील की है। विधायक ने यह कदम धार्मिक आस्था और सामाजिक भावनाओं के सम्मान के लिए उठाया। शकूरबस्ती विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक करनैल सिंह ने कहा कि नवरात्रि हिंदुओं के लिए पवित्र पर्व है और इस समय मांसाहारी व्यंजन परोसना आस्था के खिलाफ है।

पत्र में क्या लिखा गया

बीजेपी विधायक करनैल सिंह ने पत्र में लिखा, “आने वाले दिनों में नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होने जा रहा है। यह पर्व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की ज्यादातर जनता के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में हम निवेदन करते हैं कि 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आपके सभी प्रतिष्ठानों पर मांसाहारी व्यंजन पूरी तरह से बंद किए जाएं।” उन्होंने कहा कि यह कदम सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के लिए जरूरी है।

धार्मिक भावनाओं का सम्मान जरूरी

पत्र में विधायक ने आगे लिखा, “हम उम्मीद करते हैं कि आप इस आग्रह पर संवेदनशीलता दिखाएंगे और हमारी आस्था, धार्मिक परंपराओं और भावनाओं का सम्मान करेंगे।” नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा होती है और हर दिन का विशेष महत्व है। इसी दौरान फास्ट फूड प्रतिष्ठानों में मांसाहारी व्यंजन परोसने से भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।

विजयदशमी तक जारी रहेगा अनुरोध

करनैल सिंह ने बताया कि यह अपील 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक की गई है। इस अवधि में नवरात्रि का पर्व और 2 अक्टूबर को विजयदशमी का त्योहार मनाया जाएगा। उन्होंने फास्ट फूड चैनलों से उम्मीद जताई कि वे धार्मिक आस्था और सामाजिक परंपराओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक निर्णय लेंगे। यह पत्र धार्मिक भावनाओं की रक्षा और समुदाय में सद्भाव बनाए रखने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews