लालकृष्ण आडवाणी को मिलेगा “भारत रत्न”, पीएम नरेंद्र मोदी ने जताई ख़ुशी, कहा – उनका योगदान अविस्मरणीय

Lal Krishna Advani

Lal Krishna Advani Bharat Ratna : भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवानी को भारत रत्न से सम्मानित किया जायेगा, पीएम मोदी ने सोशल मीडिया X पर जानकारी देते हुए कहा – मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। मैंने भी उनसे बात की और इस सम्मान से सम्मानित होने पर उन्हें बधाई दी। भारत के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

भारतीय जनता पार्टी के दूसरे शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवानी को राष्ट्र के सर्वोच्च सम्मान “भारत रत्न” से सम्मानित किया जायेगा, सरकार ने ये फैसला लिया है, इससे पहले भाजपा के एक अन्य शीर्ष नेता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भी भारत रत्न से सम्मानित किये जा चुके हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फैसले से ख़ुशी जताई है। आडवाणी देश के उप प्रधानमंत्री रहे हैं वे देश के गृह और सूचना प्रसारण मंत्री भी रहे हैं, राम मंदिर आंदोलन के लिए आडवाणी जी ने जो रथ यात्रा निकाली थी वो लोगों को आज भी याद है , राम मंदिर निर्माण के बाद आडवाणी को भारत रत्न दिया जाना वाकई में गौरव की बात है।

पीएम मोदी ने लिखा – भारत के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया X पर लिखा – मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। मैंने भी उनसे बात की और इस सम्मान से सम्मानित होने पर उन्हें बधाई दी। हमारे समय के सबसे सम्मानित राजनेताओं में से एक, भारत के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनका जीवन जमीनी स्तर पर काम करने से शुरू होकर हमारे उप-प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करने तक का है। उन्होंने हमारे गृह मंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। उनके संसदीय हस्तक्षेप हमेशा अनुकरणीय और समृद्ध अंतर्दृष्टि से भरे रहे हैं।

भारत रत्न से सम्मानित किया जाना मेरे लिए बहुत भावुक क्षण है : मोदी 

मोदी ने आगे लिखा सार्वजनिक जीवन में आडवाणी जी की दशकों लंबी सेवा को पारदर्शिता और अखंडता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता द्वारा चिह्नित किया गया है, जिसने राजनीतिक नैतिकता में एक अनुकरणीय मानक स्थापित किया है। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान को आगे बढ़ाने की दिशा में अद्वितीय प्रयास किए हैं। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाना मेरे लिए बहुत भावुक क्षण है।’ मैं इसे हमेशा अपना सौभाग्य मानूंगा कि मुझे उनके साथ बातचीत करने और उनसे सीखने के अनगिनत अवसर मिले।

पवैया ने दी बधाई, बताया भारतीय राजनीति में शुचिता, सिद्धांत और राष्ट्रवाद का उपासक 

उधर मध्य प्रदेश भाजपा एक वरिष्ठ नेता और राम मंदिर आंदोलन में आडवाणी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाले पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने आडवानी के साथ एक पुराना फोटो शेयर करते हुए आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किये जाने के फैसले पर ख़ुशी जताई है और उन्हें बधाई दी है। पवैया ने लालकृष्ण आडवाणी को भारतीय राजनीति में शुचिता, सिद्धांत और राष्ट्रवाद का उपासक बताया ।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews