Hindi News

राहुल गांधी ने अमेरिका से ट्रेड डील पर केंद्र सरकार को घेरा, वीडियो जारी कर कहा- PM मोदी ने किसानों को धोखा दिया

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किसानों के हितों से समझौता करने और विदेशी ताकतों के लिए भारतीय कृषि बाजार खोलने का गंभीर आरोप लगाया है।
राहुल गांधी ने अमेरिका से ट्रेड डील पर केंद्र सरकार को घेरा, वीडियो जारी कर कहा- PM मोदी ने किसानों को धोखा दिया

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को केंद्र सरकार की कृषि नीतियों पर एक बार फिर तीखा हमला किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो पोस्ट कर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘किसान-विरोधी’ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील भारतीय किसानों की आजीविका और देश की खाद्य सुरक्षा को कमजोर कर देगी।

राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि वह किसानों के मुद्दे पर किसी भी तरह की कार्रवाई का सामना करने को तैयार हैं। उन्होंने लिखा, “FIR हो, मुकदमा दर्ज हो या विशेषाधिकार प्रस्ताव लाएं, मैं किसानों के लिए लड़ूंगा।”

‘विदेशी ताकतों के लिए खोले दरवाजे’

अपने वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने दावा किया कि सरकार ने अमेरिका के साथ एक गुप्त समझौता किया है, जिससे कपास, सोयाबीन, सेब और अन्य फलों के किसानों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और सरकार धीरे-धीरे पूरे कृषि बाजार को अपने ‘मित्र कारोबारियों’ और विदेशी शक्तियों के हवाले कर देगी।

“पहले वे काले कानून लाए थे और अब उन्होंने विदेशी ताकतों के लिए रास्ता साफ कर दिया है। हिंदुस्तान की कृषि मार्केट पर सालों से विदेश के लोग कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। पीएम मोदी अब उनके लिए दरवाजे खोल दिए हैं।”- राहुल गांधी

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी पर दबाव बनाया, जिसके चलते यह ट्रेड डील हुई है। राहुल ने कहा कि यह कदम भारत की खाद्य सुरक्षा और किसानों के साथ एक बड़ा धोखा है।

भारतीय और अमेरिकी किसानों में बताया अंतर

राहुल गांधी ने भारत और अमेरिका के किसानों की स्थिति में जमीन-आसमान का अंतर बताते हुए सरकार की नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “अमेरिका में किसानों के पास हजारों एकड़ के बड़े खेत होते हैं, जो पूरी तरह से मैकेनाइज्ड हैं और उन्हें वहां की सरकार भारी सब्सिडी भी देती है।”

इसके विपरीत, उन्होंने भारतीय किसानों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि यहां किसानों के खेत छोटे हैं, उन्हें सही MSP नहीं मिलती और मशीनीकरण का स्तर भी बहुत कम है। ऐसे में भारतीय किसान अमेरिकी उत्पादों से प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे। राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि उन्होंने संसद में जो कुछ भी कहा वह सच्चाई है और वह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूरी पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और अन्याय नहीं होने देगी।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !