Hindi News

PM मोदी शुक्रवार को नए ‘सेवा तीर्थ’ भवन का करेंगे उद्घाटन, साउथ ब्लॉक से शिफ्ट होगा प्रधानमंत्री कार्यालय

Written by:Gaurav Sharma
Published:
आजादी के बाद से रायसीना हिल स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय अब नए पते पर स्थानांतरित हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 फरवरी को नए परिसर 'सेवा तीर्थ' का उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद साउथ ब्लॉक की ऐतिहासिक इमारत को राष्ट्रीय संग्रहालय में बदला जाएगा।
PM मोदी शुक्रवार को नए ‘सेवा तीर्थ’ भवन का करेंगे उद्घाटन, साउथ ब्लॉक से शिफ्ट होगा प्रधानमंत्री कार्यालय

नई दिल्ली: दशकों तक भारत की सत्ता का केंद्र रहा रायसीना हिल स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) अब इतिहास का हिस्सा बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी मौजूदा सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक ऐतिहासिक साउथ ब्लॉक में करेंगे, जिसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय एक नए, अत्याधुनिक परिसर में स्थानांतरित हो जाएगा। इस बड़े बदलाव को देश की प्रशासनिक व्यवस्था में एक नए युग की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 फरवरी को दोपहर 1:30 बजे नए परिसर का अनावरण करेंगे। इस नए कॉम्प्लेक्स को ‘सेवा तीर्थ’ नाम दिया गया है, जिसमें कर्तव्य भवन-1 और 2 भी शामिल हैं। उद्घाटन के बाद पीएम मोदी शाम करीब 6 बजे ‘सेवा तीर्थ’ में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।

क्या है ‘सेवा तीर्थ’ और क्यों है यह खास?

सेवा तीर्थ का निर्माण प्रशासनिक कार्यों को एक ही स्थान पर एकीकृत करने के उद्देश्य से किया गया है। अब तक अलग-अलग जगहों से काम कर रहे प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय, सभी इसी नए परिसर से संचालित होंगे। यह कदम सरकार के कामकाज में बेहतर तालमेल और दक्षता लाने के लिए उठाया गया है।

इन नए भवनों को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इनमें कई आधुनिक सुविधाएं हैं:

  • डिजिटल इंटीग्रेशन: सभी कार्यालय डिजिटल रूप से एकीकृत हैं ताकि सूचनाओं का आदान-प्रदान सुचारू रूप से हो सके।
  • सुरक्षा व्यवस्था: परिसरों में स्मार्ट एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, अत्याधुनिक मॉनिटरिंग नेटवर्क और एडवांस इमरजेंसी रिस्पॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था है।
  • नागरिक सुविधाएं: व्यवस्थित सार्वजनिक संपर्क क्षेत्र और केंद्रीकृत स्वागत सुविधाएं बनाई गई हैं, जिससे नागरिकों की भागीदारी को बेहतर बनाया जा सके।

यह बदलाव प्रधानमंत्री मोदी के कुशल, सुलभ और नागरिक-केंद्रित ‘गुड गवर्नेंस’ के दृष्टिकोण को दर्शाता है। इसका उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुगम और प्रभावी बनाना है।

ऐतिहासिक नॉर्थ-साउथ ब्लॉक का भविष्य

अब सवाल उठता है कि इन ऐतिहासिक इमारतों का क्या होगा? सरकार की योजना के अनुसार, ब्रिटिश आर्किटेक्ट हर्बर्ट बेकर द्वारा डिजाइन किए गए नॉर्थ और साउथ ब्लॉक को ‘युगे युगीन भारत नेशनल म्यूजियम’ में तब्दील किया जाएगा।

इस विश्वस्तरीय संग्रहालय में भारत की हजारों साल पुरानी सभ्यता और संस्कृति को दर्शाया जाएगा। यहां करीब 25 से 30 हजार कलाकृतियों को प्रदर्शित करने की योजना है, जिससे यह दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालयों में से एक बन जाएगा। आजादी के बाद से देश की हर राजनीतिक और ऐतिहासिक घटना के साक्षी रहे ये भवन अब भारत की गौरवशाली विरासत को संजोएंगे।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !