Lok Sabha Election 2024 : मल्लिकार्जुन खड़गे ने महात्मा गांधी पर टिप्पणी को लेकर पीएम मोदी को घेरा, INDIA गठबंधन की सरकार बनाने का दावा

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने बताया कि उन्हें महात्मा गांधी के बारे में 'गांधी' फिल्म देखकर पता चला। गांधीजी को पूरी दुनिया जानती है, दुनिया की अलग-अलग जगहों पर उनके स्टैच्यू हैं। अगर नरेंद्र मोदी, महात्मा गांधी जी के बारे में नहीं जानते, तो उन्हें संविधान के बारे में भी पता नहीं होगा।
Mallikarjun Kharge

Lok Sabha Election 2024 : कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि हमें विश्वास है कि 4 जून को इस देश की जनता एक नई वैकल्पिक सरकार को जनादेश देगी। उन्होंने भरोसा जताया कि INDIA गठबंधन पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगा। एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस को संबोधित करते हुए खड़गे ने कह कि हम सब मिलकर इस देश को एक समावेशी राष्ट्रवादी विकासवादी सरकार देंगे और हम सभी को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। इस मौक़े पर उन्होंने बीजेपी और पीएम मोदी पर जमकर हमला किया।

महात्मा गांधी पर की टिप्पणी को लेकर पीएम मोदी को घेरा

पिछले कुछ दिनों से प्रधानमंत्री मोदी द्वारा महात्मा गांधी पर की गई टिप्पणी को लेकर ख़ासा बवाल मचा हुआ है। विपक्ष इस मुद्दे पर लगातार उन्हें घेर रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस मुद्दे पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘नरेंद्र मोदी ने बताया कि उन्हें महात्मा गांधी जी के बारे में ‘गांधी’ फिल्म देखकर पता चला। मुझे इस बात पर हंसी आती है, शायद नरेंद्र मोदी ने गांधी जी के बारे में कभी नहीं पढ़ा। महात्मा गांधी जी को पूरी दुनिया जानती है, दुनिया की अलग-अलग जगहों पर उनके स्टैच्यू हैं। अगर नरेंद्र मोदी, महात्मा गांधी जी के बारे में नहीं जानते, तो उन्हें संविधान के बारे में भी पता नहीं होगा। 4 जून के बाद मोदी जी और भाजपा के नेताओं को महात्मा गाँधी जी के बारे में जानने की बहुत फ़ुर्सत मिलेगी।’

‘नरेंद्र मोदी सिर्फ नफरत की बातें करते हैं’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने सारी दुनिया को ये बताया कि उनको महत्मा गांधी जी के बारे में Richard Attenborough की फिल्म देखने के बाद पता चला। हमें इसमे आश्चर्य की कोई बात नहीं दिखती। ज़ाहिर है उनको महत्मा गांधी जी के बारे में पहले पता होता- जैसा कि सारे हिन्दुस्तान और दुनिया को पता था- तो वह संविधान, स्वराज, अहिंसा, विकास, गरीबों, दलितों और भारत की बात करते। इस पूरे चुनाव के दौरान, मोदी जी ने महत्मा गांधी जी और भारत के प्रति अपनी Ignorance के अलावा कुछ नहीं दिखाया। सत्य से मोदी जी को कोई मतलब नहीं है। अहिंसा से उनकी पार्टी को नफ़रत है। समाज के हाशिए पर अंतिम भारतीय को तो छोड़िये, उन्हे सर्वोदय से भी नफ़रत है। महात्मा गांधी जी अहिंसा पर विश्वास करते थे, उन्होंने कभी किसी से नफरत नहीं की। लेकिन नरेंद्र मोदी सिर्फ नफरत की बातें करते हैं, उनकी हर बात में नफरत झलकती है। प्रधानमंत्री जी खुद को भगवान का अवतार मानते हैं। BJP के नेता भी उन्हें भगवान का स्वरूप बता रहे हैं।’

‘पीएम ने महंगाई बेरोज़गारी पर कोई बात नहीं की’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘नरेंद्र मोदी ने अपने 15 दिन के भाषण में 232 बार कांग्रेस का नाम लिया, 758 बार ‘मोदी’ शब्द का इस्तेमाल किया, 573 बार INDIA गठबंधन और विपक्ष की बात की लेकिन महंगाई, बेरोजगारी के बारे में एक शब्द नहीं कहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान 421 बार मंदिर-मस्जिद और समाज को बांटने की बात की। उन्होंने 224 बार मुस्लिम, माइनॉरिटी जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया। लेकिन चुनाव आयोग ने इसपर कोई कार्रवाई नहीं की।’

इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने का दावा

उन्होंने कहा कि ‘आज शाम को 6 बजे चुनाव प्रचार खत्म हो जाएगा। 18वें लोकसभा का ये चुनाव लंबे समय तक याद रहेगा क्योंकि इस चुनाव में देश के हर नागरिक लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एक साथ आए हुए हैं। पीएम और बीजेपी के प्रमुख नेताओं ने लोगों को धार्मिक और विभाजनकारी मुद्दों पर गुमराह करने की कोशिश की। इसके बावजूद लोगों ने फिर भी प्रमुख मुद्दों को चुना। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के समस्याओं को लेकर सोचती है और उनके लिए काम करती भी है। बाबासाहेब अंबेडकर जी ने संविधान सभा के आखिरी भाषण में एक बात कही थी- धर्म में भक्ति आत्मा के मुक्ति का मार्ग हो सकता है, लेकिन राजनीति में भक्ति या नायक पूजा पतन का निश्चित रास्ता है। जो आखिकार तानाशाही पर खत्म होता है।’

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की समस्याओं को ध्यान में रखकर काम करती है। जब डॉ. मनमोहन सिंह जी प्रधानमंत्री और सोनिया गांधी जी चेयरपर्सन थीं, तब हम गरीबों के लिए ऐसी योजनाएं लेकर आए, जिनसे गरीबों का फायदा हुआ। लेकिन नरेंद्र मोदी ने बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक असमानता, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग जैसे मुद्दों को बढ़ावा दिया। हमने इन्हीं मुद्दों के खिलाफ लड़ाई लड़ी, जिसमें जनता का पूरा समर्थन मिला। इसलिए मैं अपने सभी साथियों को बधाई देता हूं, जो निडर होकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए खड़े हैं। हमें विश्वास है कि 4 जून, 2024 को देश में जनता एक नई वैकल्पिक सरकार को जनादेश देगी। INDIA गठबंधन पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगा और हम सभी को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews