Hindi News

National Brothers Day: भाई-बहन के अनमोल रिश्ते को सेलिब्रेट करने का दिन, जानिए क्यों और कैसे मनाया जाता है नेशनल ब्रदर्स डे

Written by:Shruty Kushwaha
Last Updated:
भाई..हमारे जीवन का पहला दोस्त होता है। ऐसा दोस्त जो जीवनभर साथ निभाता है। भाई-बहन का रिश्ता भारतीय सामाजिक ढांचे की रीढ़ है और ये दिन इस रिश्ते को थोड़ा और गहराई से महसूसने का अवसर है। नेशनल ब्रदर्स डे सिर्फ एक उत्सव नहीं बल्कि भाई-बहन या भाई-भाई के रिश्ते को गहराई से समझने और सहेजने का दिन भी है। ये हमें याद दिलाता है कि भाई हमारे जीवन का वो साथी है, जो हर परिस्थिति में हमारे साथ खड़ा रहता है..चुपचाप, बिना जताए, बिना शर्त और हमेशा।
National Brothers Day: भाई-बहन के अनमोल रिश्ते को सेलिब्रेट करने का दिन, जानिए क्यों और कैसे मनाया जाता है नेशनल ब्रदर्स डे

AI generated

माता-पिता के अलावा इस दुनिया में जन्म के साथ ही कोई सबसे करीबी रिश्ता मिलता है तो वो है भाई-बहन का। ये वो रिश्ता है जिसमें ढेर सारे प्यार के साथ नोंकझोंक, शरारतें, शिकायतें, मान मनुहार, केयर जैसे जानें कितने इमोशंस जुड़े होते हैं। यह रिश्ता जीवन के हर मोड़ पर भावनात्मक संबल बनता है। कभी बड़ा भाई सुरक्षा कवच की तरह साथ खड़ा रहता है तो कभी छोटे भाई की मासूमियत जीवन में मुस्कान घोल देती है। आज इसी रिश्ते को सेलिब्रेट करने का दिन है।

24 मई को नेशनल ब्रदर्स डे मनाया जाता है। ये दिन भाइयों के प्रति प्यार, सम्मान और उनके योगदान को समर्पित है। भारत में हमेशा से भाई बहन के लिए रक्षाबंधन और भाई दूज जैसे पारंपरिक त्योहार रहे हैं और अब इनके साथ एक ‘ब्रदर्स डे’ एक आधुनिक उत्सव के रूप में लोकप्रिय हो रहा है।

क्यों मनाया जाता है नेशनल ब्रदर्स डे 

नेशनल ब्रदर्स डे की शुरुआत 2005 में अमेरिका के अलबामा में सी. डैनियल रोड्स ने की थी। एक कलाकार और लेखक के रूप में उन्होंने भाइयों के योगदान और भाईचारे को सम्मान देने के लिए इस दिन की स्थापना की। ये दिन भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक शक्ति और सामाजिक महत्व को याद करने का मौका देता है। आज का दिन सिर्फ जन्म से जुड़े भाइयों के लिए नहीं बल्कि उन सभी पुरुषों को समर्पित है जो हमारे जीवन में ‘भाई’ जैसे बन जाते हैं.. चाहे वे चचेरे, ममेरे भाई हों या मुंहबोले भाई। यह दिन अब भारत, ऑस्ट्रेलिया, रूस, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों में भी मनाया जाता है।

इस दिन का उद्देश्य और महत्व

इस दिन का उद्देश्य भाइयों को उनके प्यार, समर्थन और बलिदान के लिए आभार व्यक्त करना और उन्हें विशेष महसूस कराना है। भाई-बहन का रिश्ता विश्वास, प्यार और सुरक्षा का प्रतीक है। यह दिन सामाजिक एकता को बढ़ावा देता है और भाईचारे की भावना को प्रोत्साहित करता है। कई शोध बताते हैं कि भाई की मौजूदगी से बहनों में आत्मविश्वास बढ़ता है..जो इस रिश्ते के मनोवैज्ञानिक महत्व को भी दर्शाता है। आज की व्यस्त जीवनशैली में रिश्तों को समय देना मुश्किल होता जा रहा है। यह दिन उन अनकहे पलों को कहने का मौका देता है। कई बार जीवन में ऐसे पुरुष भी आते हैं जो सगे भाई की कमी पूरी करते हैं..ये दिन उसे धन्यवाद कहने का अवसर भी है।

कैसे सेलिब्रेट करें 

नेशनल ब्रदर्स डे को आप अपनी तरह से खास बना सकते हैं। सबसे जरूरी है कि अपने भाई के साथ समय बिताएं। अपने भाई या भाई जैसे करीबी को आज के दिए थोड़ा वक्त दें। चाहे घर पर बैठकर पुरानी यादें साझा करें या बाहर किसी पसंदीदा जगह घूमने जाएं। साथ में बिताया गया वक्त रिश्तों को मजबूत करता है। लेकिन अगर आप भाई से दूर हैं तो अपने दिल की बातों को हाथ से नोट या कार्ड में लिखकर दें। इससे रिश्ते की गहराई और भावनात्मक जुड़ाव बढ़ता है। आप उनके लिए कोई उपहार भिजवा सकते हैं। एक छोटा लेकिन खास गिफ्ट दें जो उसके शौक या पसंद के अनुसार हो। या कोई भी ऐसा काम जो आप दोनों को पसंद हो..इस दिन को और खास बना सकता है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews