Delhi News: नेशनल हेराल्ड केस खुला और बंद मामला, फिर भी गांधी परिवार जेल नहीं गया- केजरीवाल

ARVIND KEJRIWAL

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार, 28 अगस्त को पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और बीजेपी के बीच अंदरखाने कोई समझौता चल रहा है, जिसकी वजह से गांधी परिवार पर कोई कार्रवाई नहीं होती, जबकि आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं को फर्जी मामलों में जेल भेजा गया। उन्होंने यह भी साफ किया कि आम आदमी पार्टी किसी के साथ कोई “कॉम्प्रोमाइज” नहीं करेगी, चाहे कीमत कुछ भी चुकानी पड़े।

‘कॉम्प्रोमाइज की राजनीति नहीं चलती’- केजरीवाल का दो टूक बयान

अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी के नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आजकल लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कोई कहता है मायावती ने बीजेपी से समझौता कर लिया, कोई कहता है ओवैसी ने कर लिया, और अब तो सबसे ज्यादा ये सुनने में आ रहा है कि कांग्रेस ने भी बीजेपी से अंदरखाने डील कर ली है। उन्होंने कहा, “मेरे पास कई लोग आते हैं और कहते हैं कि बीजेपी से समझौता कर लो। लेकिन कॉम्प्रोमाइज की राजनीति कभी नहीं चलती। जनता सब जानती है, कोई बात छुपती नहीं है।”

‘हमारे 5 नेता जेल गए, कांग्रेस का कोई नहीं’

केजरीवाल ने नेशनल हेराल्ड केस का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने खुद इंटरनेट पर जाकर इस केस के बारे में पढ़ा और उन्हें यह ‘ओपन एंड शट केस’ लगा। फिर भी आज तक गांधी परिवार का कोई सदस्य जेल नहीं गया। उन्होंने कहा, “हमारे पांच सबसे बड़े नेता जेल हो आए, लेकिन कांग्रेस के किसी भी नेता को जेल नहीं भेजा गया। क्या ये समझौता नहीं है?” केजरीवाल ने यह भी कहा कि फर्जी मामलों में उनकी सरकार को निशाना बनाया जा रहा है।

रॉबर्ट वाड्रा और पुराने घोटालों की याद दिलाई

केजरीवाल ने 2014 के आम चुनाव की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय रॉबर्ट वाड्रा का नाम हरियाणा के लैंड स्कैम में बहुत चर्चा में था। “बीजेपी ने उस समय ‘जीजाजी’ के नाम पर पूरा चुनाव लड़ा। लेकिन आज न 2G केस रहा, न कोयला घोटाले पर कोई चर्चा है। सारे केस बंद हो गए। जनता को मूर्ख समझना बंद करें, वह सब समझती है।”

दिल्ली की हालत बिगड़ी, लोग हमारी सरकार को याद कर रहे हैं

पूर्व मुख्यमंत्री ने दिल्ली की मौजूदा स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज राजधानी की हालत बेहद खराब हो चुकी है। “मैं लुटियन दिल्ली में रहता हूं, जो देश का सबसे वीआईपी इलाका है। लेकिन मेरे घर में रोजाना पांच-पांच बार बिजली जाती है।” उन्होंने कहा कि आज सड़कें टूटी हुई हैं, सीवर जाम पड़े हैं, गरीबों की झुग्गियां तोड़ी जा रही हैं और बच्चों की फीस बढ़ा दी गई है।

‘हम डरने वाले नहीं, समझौता नहीं करेंगे’

केजरीवाल ने अपने संबोधन में दोहराया कि आम आदमी पार्टी किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा, “हम डरने वाले नहीं हैं। हम जेल चले जाएं, लेकिन भ्रष्टाचारियों से हाथ नहीं मिलाएंगे। हम उस राजनीति में विश्वास करते हैं जिसमें जनता के हक की बात हो, ईमानदारी हो और जवाबदेही हो।” उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे इस संघर्ष में पीछे न हटें।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews