पटना में विपक्ष का महाकुंभ : राहुल गांधी ने कहा मिलकर बीजेपी को हराएंगे ‘भारत जोड़ने और तोड़ने की विचारधारा के बीच लड़ाई’

पटना में विपक्ष का महाकुंभ : राहुल गांधी ने कहा मिलकर बीजेपी को हराएंगे ‘भारत जोड़ने और तोड़ने की विचारधारा के बीच लड़ाई’

Patna Opposition Parties Meeting : बिहार की राजधानी पटना में विपक्ष का महाकुंभ हो रहा है। राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,  पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत 15 से ज्यादा विपक्षी दलों के तमाम बड़े नेता इसमें शामिल हो रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में उनके आवास पर ये बैठक हो रही है।

राहुल गांधी ने कहा ‘बीजेपी करती है नफरत की राजनीति’

बैठक में शामिल होने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि एक साथ मिलकर हम बीजेपी को हराने जा रहे हैं। उन्होने कहा ‘बीजेपी हिंदुस्तान को तोड़ने का काम कर रही है, नफरत और हिंसा फैलाने का काम कर रही है। कांग्रेस जोड़ने और मोहब्बत फैलाने का काम कर रही है। नफरत को नफरत से नहीं काटा जा सकता, नफरत को सिर्फ मोहब्बत काट सकती है। हम नफरत से लड़ते हैं इसलिए हम मोहब्बत की बात करते हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ो की विचारधारा है और आरएसएस की भारत तोड़ो की विचारधारा है।’ मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि ‘सारे विपक्षी पार्टी के लोग एक होकर और मिलकर 2024 का चुनाव लड़ें। इसके लिए राहुल गांधी जी ने पहला कदम उठाया। आगे सभी मिलकर कदम उठाएंगे और इसी नीयत से आज हम पटना में मीटिंग कर रहे हैं।’ उन्होने कहा कि हमारी पार्टी के उसूल और विचारधारा को हम कभी नहीं छोड़ सकते। बैठक में शामिल होने से पहले ममता बनर्जी ने कहा कि दुआ कीजिए, बैठक अच्छी हो।

केंद्रीय मंत्री ने कसा तंज

इस महाबैठक का एजेंडा साफ है। सारे विपक्षी दल एकजुट होकर बीजेपी को हराना चाहते हैं और इसी के लिए बैठक में चर्चा होगी और रणनीति बनाई जाएगी। आज दिनभर ये बैठक होनी है और अलग अलग दलों के नेताओं का पटना पहुंचने का सिलसिला जारी है। हालांकि इस बैठक को लेकर बीजेपी नेताओं के कटाक्ष जारी है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि ‘पटना की सड़कों पर अनेकों दूल्हों की दावेदारी लगी हुई है। दूल्हा कौन है यह तो साफ समझ आ गया है कि वहां कोई दावेदारी ही नहीं है…विपक्ष एक साथ लड़े या न लड़े उससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। 2024 में जनता मोदी जी को ही फिर से प्रधानमंत्री बनाएगी।’ वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि ये गठबंधन बुरी तरह से फ्लॉप शो साबित होगा और 2024 में केंद्र में बीजेपी ही आएगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews