प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए टीएमसी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ कहा कि 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा और इस बार हर पाप का चुन-चुन कर हिसाब लिया जाएगा। मोदी ने टीएमसी के घोषणापत्र को ‘इश्तेहार’ कहने पर भी सवाल उठाए, आरोप लगाया कि यह बंगाल की पहचान बदलने की साजिश है।

पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी ने अपना घोषणापत्र बांग्ला भाषा में नहीं बल्कि ‘इश्तेहार’ नाम से जारी किया। उन्होंने 1905 के ‘लाल इश्तेहार’ की याद दिलाई, जिसके बाद बंगाल में हिंदुओं का नरसंहार हुआ था। मोदी ने कहा कि टीएमसी हमें उसी की याद दिलाना चाहती है, यह तुष्टीकरण का घिनौना खेल है।

मोदी ने कहा कि तुष्टीकरण के इस खेल में बंगाल की महान पहचान को बदला जा रहा है। उन्होंने जोर दिया कि अब बंगाल की पहचान बदलने वालों की विदाई तय हो गई है। यह सिर्फ एक घोषणापत्र का नाम नहीं, बल्कि बंगाल के सम्मान और संस्कृति को मिटाने का षड्यंत्र है।

पीएम मोदी का तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार बयान

रैली में मोदी ने टीएमसी के ‘सिंडिकेट राज’ और ‘करप्शन कंपनी’ पर हमला बोलते हुए कहा कि वे भयभीत हैं। उन्होंने टीएमसी के भय के मुकाबले भाजपा का भरोसा पेश किया। एक ओर टीएमसी के कटमनी और भ्रष्टाचार का भय है, तो दूसरी ओर विकास की तेज रफ्तार देने वाली भाजपा का भरोसा।

घुसपैठ के मुद्दे पर पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा कि एक ओर घुसपैठ कराकर विदेशियों को यहां बसाने का भय है, दूसरी ओर भाजपा का भरोसा है कि घुसपैठ रोककर सारे घुसपैठियों को बंगाल से बाहर किया जाएगा। उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि कुछ दिन पहले कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड से उन्होंने बंगाल में परिवर्तन महाअभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि ब्रिगेड ग्राउंड की ऐतिहासिक तस्वीरें, जनसैलाब और उत्साह देखकर पूरा टीएमसी सिंडिकेट घबरा गया है। आज कूचबिहार ने उस बिगुल पर मुहर लगा दी है।

टीएमसी सरकार लोकतंत्र को रोज लहूलुहान कर रही- मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि कूचबिहार में भारी संख्या में लोगों ने साफ कर दिया है कि टीएमसी का समय खत्म हो गया है। पूरे बंगाल में ‘पलटानो दोरकार चाई भाजपा सरकार’ की गूंज है। उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार बंगाल में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकालने पर तुली है और लोकतंत्र को रोज लहूलुहान कर रही है।

इस निर्मम सरकार पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि यह अपने आगे किसी संवैधानिक संस्था को कुछ भी नहीं समझती। उन्होंने दो-तीन दिन पहले मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाकर रखने की घटना का जिक्र किया, जिसे पूरे देश ने देखा।

पीएम मोदी ने संदेशखाली जैसी घटनाओं का किया जिक्र

नारीशक्ति के मुद्दे पर पीएम मोदी ने संदेशखाली जैसी घटनाओं का जिक्र किया, जहां बहनों की चीखें और बेटियों पर निर्मम अत्याचार हुआ। उन्होंने बंगाल की हर बहन-बेटी को भरोसा दिलाया कि भाजपा उनके सम्मान और समृद्धि के लिए मैदान में है। यह मोदी की गारंटी है कि नारीशक्ति को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण मिलेगा।

मोदी ने अपनी सरकार के ट्रैक रिकॉर्ड का भी हवाला दिया। उन्होंने बताया कि देश की 3 करोड़ बहनों को ‘लखपति दीदी’ बनाया गया है। साथ ही, लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कानून बनाया गया है, जिसका फायदा पश्चिम बंगाल सहित देशभर की बहनों को 2029 के लोकसभा चुनाव से ही मिलना शुरू होगा।

पीएम मोदी ने दोहराया कि 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा, चाहे गलत करने वाला कितना भी असरदार क्यों न हो, इंसाफ होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि सालों से बंगाल के लोगों की मेहनत की कमाई लूटी जा रही है। हर भ्रष्ट आदमी को जिम्मेदार ठहराया जाएगा और उसे चुराया हुआ पैसा लोगों को लौटाना होगा। मोदी ने यह कहकर अपनी बात खत्म की कि बंगाल और कूचबिहार में अन्याय का अंत होगा, यह मोदी की गारंटी है।