Rising Rajasthan Summit : पीएम मोदी ने जयपुर में किया ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ का उद्घाटन, सीएम डॉ मोहन यादव ने दी बधाई

समिट का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'राजस्थान एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है, जिसे इसकी कुशल कार्यशक्ति और विस्तार करते बाजार द्वारा प्रोत्साहन मिल रहा है। भारत को लेकर दुनिया भर के विशेषज्ञ और निवेशक उत्साहित हैं।' वहीं, इस आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश और राजस्थान सगे भाई की तरह हैं। दोनों की संस्कृति समान है और दोनों राज्यों के निवासियों के बीच भी गहरे संबंध हैं।
Rising Rajasthan Global Investors Summit

Rising Rajasthan Global Investors Summit :  राजस्थान की राजधानी जयपुर में प्रदेश के सबसे बड़े निवेश सम्मेलन ‘राइजिंग राजस्थान समिट’ की भव्य शुरुआत हो चुकी है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वैश्विक निवेश सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संबोधन में राजस्थान की क्षमता और प्रगतिशीलता की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य न सिर्फ उभरते हुए राजस्थान (Rising Rajasthan) की मिसाल है, बल्कि अपने भरोसेमंद स्वभाव (Reliable Rajasthan) के लिए भी जाना जाता है।

कार्यक्रम के उद्घाटन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घोषणा की कि राज्य की अर्थव्यवस्था को अगले पांच वर्षों में दोगुना करके 350 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस तीन दिवसीय निवेश सम्मेलन में 32 देश भाग ले रहे हैं। मध्य प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव ने भी इस सम्मेलन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

पीएम ने जयपुर में किया ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ का उद्धाटन

‘राइजिंग राजस्थान समिट’ के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा सरकार के नेतृत्व में राजस्थान की प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि “स्वतंत्रता के बाद सरकारों की प्राथमिकता न तो विकास थी और न ही विरासत, और इसका भारी नुकसान राजस्थान को झेलना पड़ा। लेकिन आज हमारी सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र पर काम कर रही है। राजस्थान न केवल उभर रहा है बल्कि एक विश्वसनीय राज्य के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। यह राज्य न केवल अवसरों का स्वागत करता है, बल्कि समय के साथ उन्हें बेहतर बनाने के लिए भी जाना जाता है।” उन्होंने आगे कहा “राजस्थान अपने भरोसेमंद स्वभाव के लिए भी जाना जाता है राजस्थान के ‘R’ फैक्टर में एक और पहलू जुड़ गया है। राजस्थान वह प्रदेश है जो न केवल अवसरों का स्वागत करता है (Receptive), बल्कि समय के साथ खुद को और बेहतर बनाने (Refine) की कला में भी माहिर है। चुनौतियों से लड़ना और नए अवसर पैदा करना राजस्थान की पहचान है। राज्य की जनता ने भाजपा की उत्तरदायी और सुधारवादी सरकार को भारी बहुमत के साथ चुना है।”

सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा ‘एमपी और राजस्थान सगे भाई’

कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने स्वागत भाषण से किया। उन्होंने कहा कि “राजस्थान में निवेश और विकास की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। यहां खनिज, पेट्रोलियम, पर्यटन, शिक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेश कर निवेशक बड़ा लाभ कमा सकते हैं। राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने और सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमें विश्वास है कि यह सम्मेलन हमारे विकास के उद्देश्यों को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।” इस तीन दिवसीय निवेश सम्मेलन में 32 देश भाग ले रहे हैं, जिनमें से 17 देशों को ‘पार्टनर कंट्री’ का दर्जा दिया गया है।

राइजिंग राजस्थान समिट के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि ‘यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सभी राज्यों ने औद्योगिक निवेश की दृष्टि से अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं… मध्यप्रदेश और राजस्थान तो सगे भाई की तरह हैं। ऐसे में राजस्थान में आयोजित 3 दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा जी को शुभकामनाएं देता हूँ। मध्यप्रदेश में भी फरवरी 2025 में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन होगा।’ बता दें कि मध्य प्रदेश में सरकार लगातार निवेश के लिए समिट का आयोजन कर रही है और निवेशकों-उद्योगपतियों को आमंत्रित करने और सकारात्मक माहौल मुहैया कराने के लिए कई तरह की नीतियां भी बनाई जा रही हैं। इसी क्रम में फरवरी में होने वाले समिट में राजधानी भोपाल में देश विदेश से उद्योगपति और निवेशकों को बुलाया जा रहा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews