Hindi News

बाबा साहब को PM Modi ने दी श्रद्धांजलि, कहा- हमारी सरकार का हर दिन, हर फैसला, हर नीति अंबेडकर को समर्पित

Written by:Atul Saxena
Published:
Last Updated:
प्रधानमंत्री ने कहा हमारी सरकार ने 6-7 साल में 12 करोड़ से ज्यादा ग्रामीण घरों में नल कनेक्शन दिए हैं। आज गांव के 80 प्रतिशत घरों में नल से जल आता है। बाबा साहेब का आशीर्वाद है, हम हर घर तक नल से जल पहुंचाएंगे।
बाबा साहब को PM Modi ने दी श्रद्धांजलि, कहा- हमारी सरकार का हर दिन, हर फैसला, हर नीति अंबेडकर को समर्पित

PM Modi paid tribute to Baba Saheb Ambedkar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हरियाणा के हिसार में एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग की आधारशिला रखी और अयोध्या के नई फ्लाइट को हरीझंडी दिखाकर रवाना किया , प्रधानमंत्री ने यहाँ बाबा साहब अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा हमारी सरकार का हर दिन, हर फैसला, हर नीति बाबा साहेब अंबेडकर को समर्पित है, पीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि में ये भूलना नहीं है कि कांग्रेस ने बाबा साहब के साथ क्या किया, जब तक बाबा साहब जीवित थे कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया। दो-दो बार उन्हें चुनाव हरवाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा- हरियाणा से, हिसार से मेरी बहुत सारी यादें जुड़ी हुई हैं। जब भाजपा ने मुझे हरियाणा की जिम्मेदारी दी थी तो यहां अनेक साथियों के साथ मैंने लंबे समय तक मिलकर काम किया है। इन सभी साथियों के परिश्रम ने भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा में नींव को मजबूत किया है। आज मुझे ये देखकर गर्व होता है कि भाजपा विकसित हरियाणा- विकसित भारत को लेकर पूरी गंभीरता से काम कर रही है।

बाबा साहब का जीवन संदेश हमारी सरकार की 11 साल की यात्रा का प्रेरणा-स्तंभ

आज संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती है। उनका जीवन, उनका संघर्ष, उनका जीवन संदेश हमारी सरकार की 11 साल की यात्रा का प्रेरणा-स्तंभ बना है। इसलिए हमारी सरकार का हर दिन, हर फैसला, हर नीति बाबा साहब अंबेडकर को समर्पित है। वंचित, पीड़ित, शोषित, गरीब, आदिवासी, महिलाएं इनके जीवन में बदलाव लाना, इनके सपनों को पूरा करना हमारा मकसद है। इसके लिए निरंतर विकास, तेज विकास, यही भाजपा सरकार का मंत्र है।

अब श्री कृष्ण जी की पावन भूमि हरियाणा प्रभु राम की नगरी से सीधे जुड़ गई है

इसी मंत्र पर चलते हुए आज हरियाणा से अयोध्या धाम के लिए फ्लाइट शुरु हुई है। यानि अब श्री कृष्ण जी की पावन भूमि हरियाणा प्रभु राम की नगरी से सीधे जुड़ गई है। बहुत जल्द ही यहां से दूसरे शहरों के लिए भी उड़ाने शुरु होंगी। आज हिसार एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का शिलान्यास भी हुआ है। ये शुरुआत हरियाणा की आकांक्षाओं को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाने की उड़ान है।

“हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में उड़ेगा” और ये वादा हम पूरा कर रहे हैं 

प्रधानमंत्री ने कहा मेरा आपसे वादा रहा है कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में उड़ेगा और ये वादा हम देश में चारों तरफ पूरा होता देख रहे हैं। हमारी सरकार एक तरफ कनेक्टिविटी पर बल दे रही है,दूसरी तरफ गरीब कल्याण और सामाजिक न्याय भी सुनिश्चित कर रही है। यही तो बाबा साहब का सपना था, हमारे संविधान निर्माताओं की आकांक्षा थी।

कांग्रेस पर साधा निशाना, बाबा साहब के साथ किया व्यवहार याद दिलाया 

मोदी ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा  हमें ये भूलना नहीं है कि कांग्रेस ने बाबा साहेब के साथ क्या किया, जब तक बाबा साहेब जीवित थे कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया। दो-दो बार उन्हें चुनाव हरवाया। कांग्रेस ने उनकी याद तक मिटाने की कोशिश की। कांग्रेस ने बाबा साहेब के विचारों को भी हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहा। डॉ अंबेडकर संविधान के संरक्षक थे, लेकिन कांग्रेस संविधान की भक्षक बन गई है।

कांग्रेस ने हमारे पवित्र संविधान को सत्ता हासिल करने का एक हथियार बना दिया

पीएम ने कहा कांग्रेस ने हमारे पवित्र संविधान को सत्ता हासिल करने का एक हथियार बना दिया। जब-जब कांग्रेस को सत्ता का संकट दिखा उन्होंने संविधान को कुचल दिया। कांग्रेस ने आपातकाल में संविधान की स्पिरिट को कुचला, ताकि जैसे तैसे सत्ता बनी रहे।कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर ने जो सपना देखा था, सामाजिक न्याय के लिए संविधान में जो व्यवस्था की थी उसको भी छुरा घोंपकर उस संविधान के प्रावधान को तुष्टिकरण का माध्यम बना दिया। कांग्रेस ने सिर्फ कुछ कट्टरपंथियों को ही खुश किया है। बाकी समाज बेहाल रहा, अशिक्षित रहा, गरीब रहा। कांग्रेस की इस कुनीति का सबसे बड़ा प्रमाण वक्फ कानून है।

 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews