प्रियंका गांधी ने वायनाड से नामांकन फॉर्म दाखिल किया, कांग्रेस बोली- उमड़ता जन सैलाब बता रहा है उसका आशीर्वाद और प्यार किसके साथ

कांग्रेस ने X पर लिखा- वायनाड का यह उमड़ता जनसैलाब साफ बता रहा है कि यहां के लोगों का प्यार प्रियंका गांधी जी  के साथ है।
Priyanka Gandhi filed nomination

Priyanka Gandhi filled Wayanad nomination form : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपना पहला चुनाव लड़ने जा रही हैं और आज उन्होंने केरल की वायनाड सीट के उप चुनाव के लिए यूडीएफ की तरफ से लोकसभा उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन फॉर्म दाखिल किया, उनके साथ मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी,  केसी वेणुगोपाल और कई स्थानीय नेता थे, इससे पहले भारी जन सैलाब ने प्रियंका गांधी का स्वागत किया, कांग्रेस ने कहा वायनाड का यह उमड़ता जनसैलाब साफ बता रहा है कि यहां के लोगों का प्यार प्रियंका गांधी के साथ है।

प्रियंका गांधी के प्रति वायनाड की जनता ने जो प्यार और उत्साह दिखाया है उसकी कल्पना शायद प्रियंका गांधी ने भी नहीं की होगी, वायनाड की सड़कों पर जगह नहीं थी, उत्साहित कांग्रेस ने प्रियंका के स्वागत के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किये और लिखा-वायनाड में नामांकन से पहले प्रियंका गांधी जी के स्वागत में जनसैलाब उमड़ आया है। वायनाड की जनता से प्रियंका जी को खूब प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है, जो उन्हें इस नई यात्रा में खूब आगे ले जाएगा।

कांग्रेस ने X पर लिखा, Wayanad से दिल का रिश्ता है

कांग्रेस ने X पर लिखा- वायनाड का यह उमड़ता जनसैलाब साफ बता रहा है कि यहां के लोगों का प्यार प्रियंका गांधी जी  के साथ है। वायनाड की जनता ने जिस तरह राहुल गांधी जी को अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया, वही आशीर्वाद प्रियंका गांधी जी के लिए भी नजर आ रहा है। वायनाड से दिल का रिश्ता है।

Priyanka बोलीं – आप मुझे मौका देंगे तो ये मेरे लिए सम्मान की बात 

सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा जब मैं 17 साल की थी तब मैंने पहली बार 1989 में अपने पिता के लिए प्रचार किया था। अब 35 साल हो गए हैं, मैंने अपनी मां, अपने भाई और अपने कई सहयोगियों के लिए विभिन्न चुनावों में प्रचार किया है। लेकिन यह पहली बार है जब मैं अपने लिए प्रचार कर रही हूं। मैं कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे जी की बहुत आभारी हूं कि मुझे यूडीएफ का उम्मीदवार बनाया । यदि आप मुझे मौका देंगे तो आपका प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है।

मैंने भू स्खलन की तबाही देखी है

प्रियंका गांधी ने कहा – कुछ महीने पहले मैंने अपने भाई के साथ चूरलमाला और मुंडक्कई का दौरा किया। मैंने तबाही अपनी आँखों से देखी, मैंने ऐसे बच्चों को देखा जिन्होंने अपना पूरा परिवार खो दिया है, मैं उन माताओं से मिली जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया है, मैं ऐसे लोगों से मिली जिनका पूरा जीवन भूस्खलन में बह गया है।

आपके परिवार का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात

एक बात जो मैंने नोटिस की वो ये कि हर कोई जिससे मैं मिली चाहे वह डॉक्टर हो, शिक्षक हो, गृहिणी हो, या कोई और एक-दूसरे की मदद करने में लगा हुआ था। वे बिना किसी लालच के, पूरी तरह करुणामय, प्रेम और स्नेह के साथ साहस के साथ एक-दूसरे का समर्थन कर रहे थे। प्रियंका ने कहा आपके परिवार का हिस्सा बनना मेरे लिए एक बड़ा सम्मान की बात होगी।

प्रियंका गांधी ने साधा BJP पर निशाना

भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा- जो लोग सत्ता में हैं उन्होंने सत्ता में बने रहने के लिए नफरत का इस्तेमाल किया और अलगाव पैदा किया। यह वह राजनीति नहीं है जिस पर हमारे देश की स्थापना हुई थी। महात्मा गांधी के नेतृत्व में हमारा स्वतंत्रता आंदोलन, हर धर्म के प्रति समानता और सम्मान से प्रेरित था।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का किया जिक्र

प्रियंका ने कहा – यीशु मसीह हमें विनम्रता के बारे में सिखाते हैं, वह हमें सिखाते हैं कि जहां हमारे दिलों में प्यार नहीं है तो उसका कोई महत्व नहीं है। बुद्ध की शिक्षाएं, जिन्होंने हमें अहिंसा का मार्ग दिखाया। ये सब मिलकर हमारी राष्ट्रीयता के मूलभूत मूल्यों का निर्माण करते हैं। ये वे मूल्य हैं जिनके लिए हम आज लड़ रहे हैं। सत्य के लिए, न्याय के लिए, समानता के लिए। इन मूल्यों ने मेरे भाई को प्रेम और एकता के लिए पूरे भारत में घूमने के लिए प्रेरित किया।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews