Hindi News

राहुल गांधी की H-Files, हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी का आरोप, ब्राजील की मॉडल की फोटो दिखाकर किया दावा

Written by:Atul Saxena
Published:
राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा में 2 करोड़ वोटर हैं। उन्होंने कहा 5 लाख 21 हजार डुप्लिकेट वोटर, 20 लाख ब्लैंक वोटर के जरिये 25 लाख वोटों की चोरी हुई।
राहुल गांधी की H-Files, हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी का आरोप, ब्राजील की मॉडल की फोटो दिखाकर किया दावा

बिहार चुनावों से पहले चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाने वाले राहुल गांधी अब H-Files लेकर आये हैं, इस बार उन्होंने हरियाणा में वोट चोरी की बात कही और अपनी बात को प्रमाणित करने के लिए कई प्रमाण दिए। उन्होंने अपने वीडियो में विधानसभा चुनाव परिणाम से पूर्व का सीएम नायब सिंह सैनी का मुस्कुराता हुआ वीडियो दिखाया, साथ ही एक महिला को ब्राजीलियन मॉडल बताकर उसके द्वारा हरियाणा में अलग अलग नाम से 22 बार वोट करने का दावा किया।

राहुल गांधी आज एक बार फिर वोर चोरी का मुद्दा लेकर AICC मुख्यालय में मीडिया के सामने आए, उन्होंने अपनी बात की शुरुआत गुरुनानक के नाम से की, राहुल ने कहा आज गुरु नानक जी को याद कर रहा हूँ। वे सत्य के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति थे, जिन्होंने भारत को सत्य का मार्ग दिखाया। वे मेरे लिए, इस देश के अनेक लोगों के लिए और दुनिया भर के लाखों लोगों के लिए प्रेरणा रहे हैं।

राहुल गांधी की H-Files, बोले- एक पूरा राज्य चुरा लिया

राहुल गांधी ने वीडियो प्रेजेंटेशन शुरू किया जिसे उन्होंने H-Files नाम दिया, इसके साथ ही एक  बार फिर चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोप लगाये, राहुल ने कहा कि एक पूरा राज्य कैसे चुरा लिया गया ये मैं आपको बताता हूँ, उन्होंने कहा वोट चोरी राज्यस्तर और राष्ट्रीय स्तर दोनों स्तरों पर हो रही है। हमने कई राज्यों में इसका अनुभव किया है, इसलिए हमने हरियाणा में और गहराई से जाँच करने का फैसला किया।

एक्जिट पोल और चुनाव परिणाम को आधार बनाया वोट चोरी का आरोप  

राहुल गांधी ने कहा सभी चुनाव सर्वेक्षणों में कांग्रेस की जीत की ओर इशारा किया गया था। लेकिन परिणाम उसका उलटा आया, एक और बात यह थी कि हरियाणा के चुनावी इतिहास में पहली बार, डाक मतपत्रों की संख्या वास्तविक मतदान से अलग थी। डाक मतपत्रों में, कांग्रेस को 73 और भाजपा को 17 मत मिले। इसलिए, हमने बारीकियों की जाँच शुरू की।

सीएम नायब सिंह सैनी का वीडियो दिखाकर बड़ा आरोप 

राहुल गांधी ने कहा मैं चुनाव आयोग और भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा हूँ और मैं ऐसा 100 प्रतिशत प्रमाण के साथ कर रहा हूँ। हमारे लिए यह स्पष्ट है कि कांग्रेस की अनुमानित भारी जीत को हार में बदलने की एक योजना बनाई गई थी। राहुल गांधी ने अपने प्रेजेंटेशन में चुनाव परिणाम केदो दिन पहले का सीएम नायब सिंह सैनी का मुस्कुराता हुआ वीडियो दिखाया जिसमें वे जीत का दावा और व्यवस्था की बात कहते सुनाई दे रहे हैं, राहुल गांधी ने कहा मतगणना से दो दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री की मुस्कान और ‘व्यवस्था’ का उनका संदर्भ ध्यान देने योग्य है। ऐसे समय में जब एग्ज़िट पोल कांग्रेस के पक्ष में थे, भाजपा की ‘व्यवस्था’ में उनका विश्वास अद्भुत था। इन सबके बाद, अंतिम परिणाम यह हुआ कि कांग्रेस हरियाणा चुनाव में केवल 22,779 वोटों से हार गई।

महिला एक, 10 बूथ,अलग अलग नाम, 22 बार किये वोट

राहुल गांधी ने स्क्रीन पर एक महिला के फोटो दिखाते हुए उसके बारे में सवाल किये, राहुल ने पूछा कोई जनता है यह महिला कौन है? उसकी उम्र कितनी है? वह कहाँ से है? फिर उन्होंने कहा इस महिला ने हरियाणा में 10 अलग-अलग बूथों पर 22 बार वोट डाला, राहुल ने कहा इस महिला ने सीमा, स्वीटी, रश्मि,विमला, सुनीता सहित अन्य अलग अलग नामों से वोट किये। यह आलंद और महादेवपुरा की तरह एक केंद्रीकृत प्रक्रिया की तरह ही दिखाई देता है।

ब्राजीलियन मॉडल को फोटो दिखाकर किया वोट चोरी का दावा 

राहुल गांधी ने मीडिया से पूछा कोई जानता है इस महिला को तो बताओ मैं इनाम भी दूंगा, क्या ये हरियाणा की लगती है, फिर वो बोले नहीं ये ब्राजील की एक मॉडल है। वह हरियाणा में ऐसे 25 लाख नामों में से एक है, जो एक केंद्रीकृत प्रक्रिया के अस्तित्व को और पुष्ट करता है। बड़ा सवाल यह है कि हरियाणा की मतदाता सूची में एक ब्राज़ीलियाई महिला क्या कर रही है? इसके पीछे स्पष्ट रूप से एक बड़ा कारण है जिसकी मं बात कर रहा हूँ।