Hindi News

School Holiday : ठंड के चलते स्कूलों में अवकाश घोषित, जारी हुए निर्देश, जानें किस राज्य में कब तक बंद रहेंगे?

Written by:Pooja Khodani
Published:
SCHOOL HOLIDAYS : देश के कई राज्यों में शीत लहर का सितम जारी है। गिरते तापमान व कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम होने लगी है, ऐसे में छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए देश के कई राज्यों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
School Holiday : ठंड के चलते स्कूलों में अवकाश घोषित, जारी हुए निर्देश, जानें किस राज्य में कब तक बंद रहेंगे?

भीषण ठंड, घने कोहरे और शीतलहर ने उत्तर भारत सहित देश के कई राज्यों को अपनी चपेट में ले रखा है, जिसके चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दृश्यता कम होने और गिरते तापमान को देखते हुए और छात्रों के स्वास्थ्य के मद्देनजर कई राज्य सरकारों ने स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है। इसमें कुछ स्कूलों में छुट्टियां बढ़ाई गई हैं, तो कुछ में शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया है। यह छुट्टियां सभी निजी व सरकारी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होंगी। आइए जानते हैं कहां कहां स्कूल बंद रहेंगे?

यूपी के इन जिलों में छुट्टियां बढ़ाई गई

  • मथुरा, कासगंज और फिरोजाबाद जनपद में 8वीं तक के स्कूलों में 14 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। ये आदेश सभी शिक्षा परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और बोर्ड के स्कूलों पर लागू रहेगा।
  • लखनऊ और प्रयागराज जनपद में माध्यमिक स्कूल खुले रहेंगे लेकिन प्राथमिक स्कूलों में 14 जनवरी तक शैक्षणिक गतिविधियाँ स्थगित रहेंगी। शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और विभागीय कार्य व बोर्ड परीक्षा से जुड़े कार्य पूरे करेंगे।

बिहार में भी छुट्टी

  • पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत अपने विशेष अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया है । आदेश के तहत, जिले के सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त और बोर्ड के स्कूल 8 जनवरी तक बंद रहेंगे। यह आदेश प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी लागू होगा। हालांकि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के स्कूलों का समय बदला गया है, जिसके चलते स्कूल सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित होंगे।
  • शिवहर डीएम प्रतिभा रानी ने 6 जनवरी 2026 तक सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों (प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र सहित) में कक्षा 8वीं तक की शैक्षणिक गतिविधियों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

पंजाब में 8 जनवरी से खुलेंगे स्कूल

पंजाब सरकार ने बढ़ती ठंड को देखते हुए सभी सरकारी, एडेड, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूलों में 7 जनवरी 2026 तक छुट्टियां बढ़ा दी हैं। अब सभी स्कूल 8 जनवरी से सामान्य दिनों की तरह खुलेंगे। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि बच्चों और स्टाफ की सेहत व सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आदेश पर यह फैसला लिया गया।

हरियाणा-दिल्ली में 15 जनवरी तक स्कूल बंद

  • हरियाणा के विद्यालय शिक्षा निदेशालय के जारी सर्कुलर के तहत, सभी निजी और सरकारी स्कूलों में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के छात्रों के लिए 1 से 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। शीतकालीन अवकाश के दौरान 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को प्रैक्टिकल के लिए, पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार स्कूल बुलाया जा सकता है। सभी शिक्षा अधिकारियों को अपने अधीनस्थ स्कूलों में आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
  • दिल्ली शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आधिकारिक एकेडमिक कैलेंडर के मुताबिक, शीतकालीन अवकाश के चलते सभी निजी, सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त स्कूल 15 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे। हालांकि वायु प्रदूषण या ठंड के चलते शेड्यूल बदल भी सकता है। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अधिक जानकारी के लिए दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ऑफिशियल वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और संबंधित स्कूल से भी संपर्क में रहें।

जम्मू-कश्मीर में फरवरी 2026 तक स्कूल बंद

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते जम्मू-कश्मीर में फरवरी 2026 तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन के शेड्यूल के अनुसार, प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक में 28 फरवरी 2026 तक अवकाश रहेगा और 1 मार्च को स्कूल खुलेंगे। कक्षा 9 से 12 तक के स्कूल की छुट्टियां 11 दिसंबर 2025 से शुरू हो गई हैं और 22 फरवरी 2026 तक चलेगी।

जारी रहेगा ठंड-कोहरे का कहर

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले 3-4 दिनों तक कोहरे और ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अगले सात दिनों तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना से अति घना कोहरा छाने की संभावना है। 4 से 7 जनवरी तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। दो-तीन दिनों तक पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। 8 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, यूपी और बिहार में घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani
Follow Us :GoogleNews