रविवार को इसरो ने उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में मॉडल रॉकेट लॉन्च का सफल परीक्षण किया। “थ्रस्ट टेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड” नामक एक निजी कंपनी ने मॉडल रॉकेट के लिए लॉन्चर सिस्टम सत्यापन परीक्षण के लिए ये सफल परीक्षण किया। इस सफलता के बाद अब “थ्रस्ट टेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड” कंपनी इसरो के साथ मिलकर काम करेगी।
बता दें कि इसरो और भारतीय सरकार रॉकेट साइंस को लेकर दो प्रतियोगिता करने वाले हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को इस क्षेत्र में आने के लिए प्रोत्साहित करना है। इनमें एक रॉकेट्री कॉम्पिटिशन होगी और दूसरी केनसेट। इन कॉम्पिटिशन के लिए रॉकेट और इंजन की आवश्यकता होगी और “थ्रस्ट टेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड” को इसी के लिए चुना गया था, जिसका सफल परीक्षण किया गया है।
“थ्रस्ट टेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड” ने किया सफल रॉकेट परीक्षण
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के साथ “थ्रस्ट टेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड” ने 14-15 जून को कुशीनगर, उत्तर प्रदेश के तमकुही राज में रकाबा जंगल पट्टी सेवरही में एक मॉडल रॉकेट के लिए लॉन्चर सिस्टम सत्यापन परीक्षण के लिए सफल परीक्षण किया। इस मॉडल रॉकेट का वजन 15 किलोग्राम था। रॉकेट बॉडी और CANSAT को पैराशूट की मदद से सफलतापूर्वक नीचे लाया गया और वापस लाया गया। लॉन्चर के पैरामीटर प्रतियोगिता की आवश्यकता को पूरा करते हैं। इस परीक्ष के लिए पूरी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और सफल परीक्षण ने थ्रस्ट टेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की योग्यता को एक बार फिर साबित किया।
अब ISRO के साथ काम करेगी ऊर्जावान युवाओं की टीम
“थ्रस्ट टेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड” नाम के इस स्टार्टअप की नींव तीन युवाओं द्वारा 2023 में रखी गई थी। उत्तर प्रदेश में हुए रॉकेट परीक्षण में टीम के पाँच सदस्य एयरोस्पेस इंजीनियर अद्वैत सिधना और सुभद्र गुप्ता, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कन्यूनिकेशन इंजीनियर अमन अग्रवाल, टेक्निकल हैड प्रजोत गोरखे और मीडिया को-हैड कौस्तुभ कुमावत शामिल थे। अब ये कंपनी इसरो के साथ मिलकर इस क्षेत्र में काम करेगी।







